home page

संघ ने बालकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की

 | 
संघ ने बालकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की


नई दिल्ली, 27 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने विवेकानंद शिला स्मारक एवं विवेकानंद केंद्र के अध्यक्ष ए. बालकृष्णन के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन स्वामी विवेकानन्द के विश्वबंधुत्व तथा सहिष्णुता के संदेश के प्रसार और राष्ट्र एवं समाज की सेवा में समर्पित कर दिया।

संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने एक संयुक्त शोक संदेश में कहा, “बालकृष्णन जी स्वामी विवेकानन्द जी के कार्य को आगे बढ़ाने के लिए कन्याकुमारी स्थित विवेकानन्द केन्द्र के आजीवन समर्पित स्वयंसेवक-दल के प्रारम्भिक पीढ़ी के स्वयंसेवक थे। उनके निधन से हिन्दू समाज ने एक महान आत्मा को खो दिया है। उनके देवलोक गमन से उत्पन्न हुई रिक्तता की पूर्ति अत्यन्त कठिन है। हम दिवंगत बालकृष्णन जी को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं तथा परमात्मा से प्रार्थना करते हैं कि इस पुण्यात्मा को परम गति एवं मोक्ष प्रदान करें।

उन्होंने कहा कि बालकृष्णन कर्मयोग की साक्षात् प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन स्वामी विवेकानन्द के विश्वबंधुत्व तथा सहिष्णुता के संदेश के प्रसार और राष्ट्र एवं समाज की सेवा में समर्पित कर दिया। उनका सरल जीवन, निःस्वार्थ सेवा, त्याग एवं हिन्दुत्व के प्रति उनकी अटूट निष्ठा भारतवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी