म्यांमार में राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण में शामिल होंगे मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह
नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह म्यांमार के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। सेना की ओर से तख्तापलट के बाद हुए चुनावों में सेना समर्थित पार्टी यूएसडीपी ने जीत दर्ज की। इसके बाद 3 अप्रैल को संसद में हुए मतदान में ‘मिन आंग ह्लाइंग’ राष्ट्रपति निर्वाचित हुए।
विदेश मंत्रालय के अनुसार म्यांमार सरकार के निमंत्रण पर राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह 8 से 11 अप्रैल तक म्यांमार की यात्रा पर रहेंगे। वे 10 अप्रैल को नेप्यीताव में म्यांमार के नए राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
मंत्रालय के अनुसार अपनी यात्रा के दौरान सिंह नेप्यीताव में म्यांमार सरकार के संबंधित व्यक्तियों से मुलाकात करेंगे। साथ ही चल रही व्यापार, आर्थिक और विकासात्मक सहायता पहलों से संबंधित द्विपक्षीय बैठकों में भाग लेंगे और यांगून में भारतीय प्रवासी समुदाय और भारत के मित्रों के साथ बातचीत करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

