home page

फ्रांस के हवाई अड्डाें पर भारतीयाें काे ट्रांसिट वीजा से मिली छूट

 | 
फ्रांस के हवाई अड्डाें पर भारतीयाें काे ट्रांसिट वीजा से मिली छूट


नई दिल्ली, 23 अप्रैल (हि.स.)। फ्रांस ने अपने यूरोपीय क्षेत्र के हवाई अड्डों से पारगमन सुविधा का इस्तेमाल करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए ट्रांसिट वीजा लेने की अनिवार्यता समाप्त कर दी है।

गत 10 अप्रैल से लागू इस निर्णय के तहत भारतीय यात्री आगे के गंतव्य के लिए विमान बदलने के लिए यदि किसी फ्रांसीसी हवाई अड्डे का इस्तेमाल करते हैं ताे अब उन्हें इसके लिए ट्रांजिट वीजा नहीं लेना हाेगा।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस संबंध में गुरुवार को नियमित प्रेस ब्रीफिंग में जानकारी देते हुए कहा कि फ्रांस से होकर केवल हवाई मार्ग से पारगमन करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए अब 10 अप्रैल 2026 से ट्रांजिट वीजा की आवश्यकता खत्म हाे गई है। उन्होंने बताया कि यह कदम भारत और फ्रांस के बीच मजबूत और दीर्घकालिक साझीदारी को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में फ्रांस के राष्ट्रपति के भारत दौरे के दौरान इस विषय पर सहमति बनी थी। इसके बाद इसे लागू किया गया है।

प्रवक्ता ने कहा कि इस निर्णय से दोनों देशों के बीच लोगों की आवाजाही और संपर्क को और सरल बनाया जाएगा। इससे विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय यात्राओं में भारतीय नागरिकों को सुविधा मिलेगी और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती मिलेगी।

विदेश मंत्रालय ने इस संबंध में एक विज्ञप्ति भी जारी की है। इसमे कहा गया है कि यह निर्णय भारत और फ्रांस के बीच स्थायी साझीदारी का प्रतीक है और दोनों देशों के नेताओं द्वारा द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसमें दोनों देशों के बीच लोगों की सुगम आवाजाही को सुविधाजनक बनाकर लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करना शामिल है।

उल्लेखनीय है कि भारत और फ्रांस के बीच विशेष वैश्विक रणनीतिक साझीदारी के तहत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है, जिसमें लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा देना एक महत्वपूर्ण पहलू है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा