प्रधानमंत्री का ‘विकसित भारत’ का संकल्प जनआंदोलन बन रहा है : सी.आर. पाटिल
सूरत, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सूरत में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल की उपस्थिति में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। सेवा, संकल्प और विकास की भावना को दर्शाती यात्रा में मशाल प्रज्वलित कर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के सदस्यों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पीपलोद के वाई जंक्शन पर आयोजित सभा में सी.आर. पाटिल ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष की यात्रा पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के नागरिक विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं और ‘विकसित भारत’ का संकल्प जनआंदोलन का रूप ले रहा है।
पाटिल ने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सेवा की भावना को विकास के संकल्प से जोड़ने और जनभागीदारी को विकास की शक्ति बनाने की पहल है। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए नागरिकों से विकास यात्रा में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा और ‘विकसित भारत’ के निर्माण की सामूहिक शपथ ली।
इसके बाद मशाल के साथ तैयार ‘सेवा ज्योति रथ’ का तीन मार्गों पर भ्रमण कराया गया। यात्रा में सामाजिक संस्थाओं, मंडलों, उद्योग संगठनों, सहकारी संस्थाओं, विद्यालय-कॉलेज के विद्यार्थियों और नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में सांसद मुकेशभाई दलाल, राज्यसभा सांसद गोविंदभाई धोलकिया, महापौर मायाबेन मावाणी, जिला पंचायत अध्यक्ष समीर मोदी, विधायक मुकेशभाई पटेल, संगीता पाटिल,मनुभाई पटेल, संदीपभाई देसाई, अरविंदभाई राणा, किशोरभाई कानाणी, प्रवीणभाई घोघारी, विनोदभाई मोरडिया, कांतीभाई बलर और ईश्वरभाई परमार, जिला कलेक्टर तेजस परमार, नगर निगम आयुक्त राजकुमार बेनीवाल, पुलिस आयुक्त वाबांग जमीर, उपमहापौर डॉ. सुधाकर चौधरी, स्थायी समिति अध्यक्ष राजन पटेल, सत्तापक्ष नेता अल्पाबेन मेहता, दंडक उर्मिलाबेन त्रिपाठी, जिला संगठन अध्यक्ष भरतभाई राठौड़, नगर निगम की विभिन्न समितियों के अध्यक्ष एवं पार्षद, पद्मश्री कनुभाई टेलर सहित पदाधिकारी, उद्योगपति, समाजसेवी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
‘सेवा ज्योति रथ’ की यात्रा वाई जंक्शन से राहुलराज मॉल, सोमेश्वर जंक्शन और ओएनजीसी जंक्शन तक तीन अलग-अलग मार्गों से निकाली गई।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

