home page

बिहार के भागलपुर में गंगा नदी के विक्रमशिला सेतु का स्लैब टूटा, आधी रात से आवाजाही बंद

 | 
बिहार के भागलपुर में गंगा नदी के विक्रमशिला सेतु का स्लैब टूटा, आधी रात से आवाजाही बंद


बिहार के भागलपुर में गंगा नदी के विक्रमशिला सेतु का स्लैब टूटा, आधी रात से आवाजाही बंद


भागलपुर, 04 मई (हि.स.)। बिहार के भागलपुर में गंगा नदी पर बना विक्रमशिला सेतु एक बार फिर खतरे की जद में आ गया है। आधी रात करीब 12:50 बजे पुल के पिलर नंबर 133 के पास सड़क का एक बड़ा स्लैब अचानक टूटकर गंगा में गिर गया।

गनीमत रही कि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और प्रशासन की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। उस समय पुल पर कई वाहन मौजूद थे। लेकिन समय रहते सभी को पीछे हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर विक्रमशिला सेतु पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। पुल के दोनों छोर पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। साथ ही तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है ।

एसएसपी प्रमोद यादव ने बताया कि सभी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। अब भागलपुर से नवगछिया और सीमांचल जाने वाले लोगों को मुंगेर और सुल्तानगंज के रास्ते यात्रा करनी होगी।

उल्लेखनीय है कि विक्रमशिला सेतु उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके बंद होने से आम लोगों की आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर