home page

शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी जड़ों से जोड़ना है : देशराज शर्मा

 | 
शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी जड़ों से जोड़ना है : देशराज शर्मा


नई दिल्ली, 31 मार्च (हि.स.)। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के राष्ट्रीय महामंत्री देशराज शर्मा ने मंगलवार को कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी जड़ों से जोड़ना है, जिससे वे वैश्विक चुनौतियों के लिए सक्षम बन सकें।

देशराज ने यह बात आज दिल्ली स्थित विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से महाशय चुन्नीलाल सरस्वती बाल मंदिर हरि नगर में आयोजित अखिल भारतीय पत्रकार वार्ता 2026 कार्यक्रम में कही। इस दौरान संस्थान ने देश की वर्तमान शिक्षा व्यवस्था, अपनी वार्षिक उपलब्धियों और भविष्य के रोडमैप को मीडिया के साथ साझा किया।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए देशराज शर्मा ने कहा कि शिक्षा देश की संस्कृति एवं परंपराओं के अनुरूप होनी चाहिए, जिससे विद्यार्थी अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकें। विद्या भारती का ध्येय राष्ट्र की भावी पीढ़ी को सांस्कृतिक आधार से जोड़ते हुए उन्हें वैश्विक चुनौतियों के लिए सक्षम बनाना है।

उन्होंने बताया कि पत्रकार वार्ता का उद्देश्य आने वाले समय के नए शैक्षिक कार्यक्रमों की जानकारी देना और बीते वर्ष में संगठन द्वारा किए गए सामाजिक और शैक्षिक कार्यों से जनता को अवगत कराना था।

पत्रकार वार्ता में बताया गया कि संस्थान ग्रामीण, वनवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में एकल विद्यालयों के माध्यम से शिक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता का प्रसार कर स्थानीय समुदाय को सशक्त बनाने पर जोर दे रही है। विद्या भारती की शिक्षा पद्धति में शारीरिक शिक्षा, योग, संगीत, संस्कृत, नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा के साथ-साथ मातृभाषा में शिक्षा तथा पंचपदी शिक्षण पद्धति के माध्यम से विद्यार्थियों के समग्र एवं संतुलित विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

विज्ञान एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए देशभर के 507 विद्यालयों में अटल टिंकरिंग लैब स्थापित की गई हैं। इससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार की भावना विकसित हो रही है। संस्थान नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन तथा भारतीय संस्कृति आधारित आधुनिक शिक्षा पद्धति के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। संस्थान विषय विशेषज्ञों को प्रशिक्षित कर विद्यालय स्तर तक प्रशिक्षण करने में जुटा है, जिससे भारत-केंद्रित शिक्षा का स्वरूप जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से लागू हो सके।

इसके अलावा, 3-6 अप्रैल 2026 तक हरि नगर स्थित विद्यालय परिसर में वार्षिक साधारण सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर से लगभग 350 प्रतिनिधि सहभागी होंगे। इस सभा में आगामी शैक्षणिक योजनाओं, नीतियों एवं संगठनात्मक विषयों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय संगठन महामंत्री गोविंद चंद महंत, उत्तर क्षेत्र की अध्यक्ष सुखराज सेठिया, मंत्री गीता आहूजा, संगठन मंत्री विजय नड्डा, दिल्ली प्रांत के महामंत्री डॉ. सतीश महेश्वरी सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी