home page

रामायण फिल्म में मनगढ़ंत कथानक से राम भक्तों को आहत करने पर विहिप आक्रोशित

 | 

नई दिल्ली, 21 नवंबर (हि.स.)। रामायण फिल्म में आदि कवि महर्षि वाल्मीकि द्वारा वर्णित जीवंत कथा में अनेक तथ्यों को विकृत करने, मनगढ़ंत घटनाएं सम्मिलित करने और अनेक महत्वपूर्ण चरित्रों को नहीं दर्शाने को लेकर विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। विहिप ने कहा कि इस फिल्म में एक अरब से अधिक हिंदू रामभक्तों की श्रद्धा से खिलवाड़ करते हुए एक राजनीतिक विमर्श स्थापित करने के प्रयास किया गया है।

विहिप के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा ने शनिवार को एक बयान में कहा कि फिल्म में भगवान राम और उनके परिवार के चरित्र को हल्केपन से दिखाया गया है तो रावण का महिमा मंडन करने का भी कुत्सित प्रयास किया गया है। अहिल्या उद्धार, निषादराज गुह की मित्रता और केवट की भक्ति जैसे प्रसंग भगवान राम के सार्वभौमिक चरित्र के अभिन्न अंग हैं जिनका फिल्म में कोई उल्लेख तक नहीं है। उल्टे, प्रभु राम के ऋषि मुनियों की साधना, यज्ञ, गुरुकुल आदि में बाधक समाजद्रोही राक्षसों के उन्मूलन के महती अभियान को अपनी पत्नी के अपहरण के प्रतिशोध जैसा व्यक्तिगत संघर्ष का रूप देने का घृणित प्रयास किया गया है। दूसरी ओर, रावण का शोषितों के उद्धारक के रूप में महिमा मंडन करने जैसे राजनीतिक विमर्श गढ़ने का कुप्रयास भी किया गया है।

बागड़ा ने कहा कि ज्ञान, भक्ति और शक्ति की पराकाष्ठा को छूने के बाद भी अहंकार वश सृष्टि के हर प्राणी को आतंकित और उत्पीड़ित करने वाला रावण दुराचारी था, यह प्रत्येक रामकथा में निर्विवाद रूप से वर्णित है। युगों-युगों से स्थापित रामकथा और प्रभु राम में करोड़ों हिंदुओं की गहन श्रद्धा है, जिसे राजनीति से प्रेरित इस फिल्म ने गहरी ठेस पहुंचाई है और हिंदू जनमानस की भावनाओं को आहत किया है।

विहिप महामंत्री ने कहा कि व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक और राजनीतिक मर्यादाएं स्थापित करने वाली रामकथा से ऐसी छेड़छाड़ समाज में स्थापित नैतिक मूल्यों की नींव पर प्रहार करती है। हिंदू समाज की भावनाओं से खिलवाड़ करने के ऐसे प्रयासों को समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा। विश्व हिन्दू परिषद यह मांग करती है कि फिल्म को प्रदत्त सेंसर प्रमाण पत्र को निरस्त कर इसके प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाई जाए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी