home page

पूर्वोत्तर भारत के लिए देश का पहला विशेष एंटीवेनम विकसित, दो खतरनाक पिट वाइपर सांपों के जहर पर होगा प्रभावी

 | 
पूर्वोत्तर भारत के लिए देश का पहला विशेष एंटीवेनम विकसित, दो खतरनाक पिट वाइपर सांपों के जहर पर होगा प्रभावी


नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर भारत में सांप के काटने से होने वाली मौतों और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। वैज्ञानिकों ने पूर्वोत्तर राज्यों में पाए जाने वाले दो विशेष प्रजातियों के पिट वाइपर सांपों के जहर के खिलाफ प्रभावी नया एंटीवेनम विकसित किया है। यह देश का पहला ऐसा विशिष्ट एंटीवेनम है, जिसे पोप्स पिट वाइपर और रेड-टेल्ड बैंबू पिट वाइपर के जहर को निष्क्रिय करने के लिए तैयार किया गया है।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के स्वायत्त संस्थान गुवाहाटी स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडी इन साइंस एंड टेक्नोलॉजी (आईएएसएसटी) के निदेशक प्रो. आशीष के. मुखर्जी के नेतृत्व में शोधकर्ताओं की टीम ने यह एंटीवेनम विकसित किया है। इसके लिए मिजोरम और मेघालय में पाए जाने वाले दोनों सांपों के जहर का अध्ययन किया गया।

दरअसल, पूर्वोत्तर भारत में जहरीले सांपों की कई प्रजातियां पाई जाती हैं और सर्पदंश यहां एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती है। वर्तमान में बाजार में उपलब्ध ज्यादातर एंटीवेनम देश के चार प्रमुख जहरीले सांपों-रसेल वाइपर, स्पेक्टेकल्ड कोबरा, कॉमन क्रेट और सॉ-स्केल्ड वाइपर के जहर के खिलाफ तैयार किए जाते हैं। इन्हें 'बिग फोर' कहा जाता है। हालांकि, पूर्वोत्तर भारत में पाई जाने वाली कई अन्य चिकित्सकीय रूप से महत्वपूर्ण प्रजातियों के जहर पर इन एंटीवेनम का प्रभाव सीमित पाया गया है। इनमें पोप्स पिट वाइपर और रेड-टेल्ड बैंबू पिट वाइपर प्रमुख हैं। इन सांपों के काटने से खून के थक्के बनने की प्रक्रिया प्रभावित होती है और शरीर के स्थानीय ऊतकों के साथ-साथ आंतरिक अंगों को भी नुकसान पहुंच सकता है।

शोधकर्ताओं ने नया इक्वाइन एफ (एबी)2 बाइवैलेंट एंटीवेनम विकसित किया है। प्रयोगशाला और प्री-क्लीनिकल परीक्षणों में इसने भारतीय पॉलीवैलेंट एंटीवेनम की तुलना में दोनों पिट वाइपर के जहर को निष्क्रिय करने और उससे सुरक्षा प्रदान करने में बेहतर परिणाम दिखाए हैं। इसके इस्तेमाल से रक्त के थक्के बनने की प्रक्रिया में होने वाली गड़बड़ी तथा ऊतकों और अंगों को होने वाले नुकसान को कम करने में मदद मिली। इस शोध में आईएएसएसटी गुवाहाटी के साथ प्रीमियम सीरम्स एंड वैक्सीन्स प्राइवेट लिमिटेड, पुणे, अमृता रिसर्च सेंटर दिल्ली-एनसीआर, मिजोरम विश्वविद्यालय और आरन्याक गुवाहाटी के शोधकर्ताओं ने भी सहयोग किया। यह परियोजना अकादमिक संस्थानों और उद्योग के बीच सहयोग का उदाहरण है।

प्रो. मुखर्जी ने कहा कि नए एंटीवेनम को मरीजों के नियमित उपचार में शामिल करने से पहले अतिरिक्त क्लीनिकल और नियामकीय परीक्षणों की जरूरत होगी। यह शोध इंटरनेशनल जर्नल ऑफ बायोलॉजिकल मैक्रोमोलेक्यूल्स में प्रकाशित हुआ है। विश्व स्वास्थ्य संगठन सर्पदंश को उपेक्षित उष्णकटिबंधीय बीमारी के साथ-साथ चिकित्सा आपातस्थिति भी मानता है। वैज्ञानिकों की यह उपलब्धि पूर्वोत्तर भारत में सर्पदंश के उपचार की मौजूदा चुनौती को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी