home page

डॉ. वीरेंद्र कुमार बुधवार को 'वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान' की करेंगे शुरूआत

 | 
डॉ. वीरेंद्र कुमार बुधवार को 'वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान' की करेंगे शुरूआत


नई दिल्ली, 03 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार बुधवार को दिल्ली में अटल वयो अभ्युदय योजना (एवीवाईएवाई) के तहत 'वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान' की आधिकारिक शुरुआत करेंगे। यह अभियान पीढ़ियों के बीच एकता और बुजुर्गों के प्रति सम्मान को बढ़ावा देने का एक देशव्यापी सामाजिक आंदोलन है।

मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तेजी से बदलते पारिवारिक ढांचे, शहरीकरण और पलायन के कारण पीढ़ियों के बीच बातचीत कम हुई है। भारत में 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों की आबादी 2011 में 10 करोड़ थी, जिसके 2036 तक 23 करोड़ होने का अनुमान है। इस जनसांख्यिकीय बदलाव को देखते हुए यह अभियान बुजुर्गों को समाज के एक सक्रिय और सम्मानित हिस्से के रूप में स्थापित करेगा।

अभियान '5C' मॉडल पर करेगा काम। इसमें यह अभियान कनेक्ट, कन्वर्स (बातचीत), को-क्रिएट (सह-निर्माण), कंट्रीब्यूट (योगदान) और कंटिन्यू (जारी रखें) के पांच स्तंभों पर आधारित है। इसका उद्देश्य युवाओं और बुजुर्गों के बीच निरंतर संवाद और सहयोग स्थापित करना है।

इसके अलावा 12 विशेष थीम हैं। अभियान के तहत '30 मिनट साथ में', 'मुझे सिखाओ – मैं तुम्हें सिखाऊंगा', 'मेरी कहानी-मेरा भारत' और 'डिजिटल दादा-दादी / डिजिटल साथी' जैसी दिलचस्प गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके जरिये युवा जहां बुजुर्गों को साइबर धोखाधड़ी से बचने और डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल सिखाएंगे, वहीं बुजुर्ग अपने जीवन के अनुभव और ज्ञान युवाओं के साथ साझा करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान 'वयो साथी' नामक एक डिजिटल वॉलंटियर पहल की भी शुरुआत होगी। 18 वर्ष या उससे अधिक आयु का कोई भी नागरिक, छात्र, युवा पेशेवर या संस्था बुजुर्गों की मदद के लिए वॉलंटियर बन सकता है। इच्छुक लोग 'सीनियर सिटीजन्स वेलफेयर समावेश पोर्टल' या 'जीवन ऐप' के जरिये पंजीकरण कर सकते हैं। सक्रिय योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को 'वयो साथी सर्टिफिकेट' से सम्मानित किया जाएगा।

इस मौके पर मंत्री अभियान की एक विस्तृत हैंडबुक भी जारी करेंगे। इसमें राज्यों, जिलों और सामुदायिक संस्थाओं की भूमिकाएं और जिम्मेदारियां तय की गई हैं ताकि इसे पूरे देश में प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके। इसके अलावा, बुजुर्गों के स्वास्थ्य, योग और ध्यान (मेडिटेशन) के लिए सामाजिक न्याय मंत्रालय दो प्रमुख संस्थाओं श्री राम चंद्र मिशन (एसआरसीएम) और अध्यात्म विज्ञान सत्संग केंद्र (एवीएसएके), जोधपुर के साथ समझौते पर हस्ताक्षर भी करेगा।

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने सभी नागरिकों, शैक्षणिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों, गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) और कॉर्पोरेट (सीएसआर) जगत से इस अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी