home page

भारत में पिछले साल 32 करोड़ मोबाइल फोन बने, 99 फीसदी से अधिक फोन ‘मेड इन इंडिया’: वैष्णव

 | 
भारत में पिछले साल 32 करोड़ मोबाइल फोन बने, 99 फीसदी से अधिक फोन ‘मेड इन इंडिया’: वैष्णव


नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि भारत में पिछले वर्ष 32 करोड़ मोबाइल फोन का निर्माण हुआ। मोबाइल फोन का निर्यात भारत से निर्यात होने वाली वस्तुओं की सबसे बड़ी श्रेणी बन गया है।

वैष्णव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि भारत में मोबाइल फोन निर्माण की यह यात्रा पिछले कुछ वर्षों में तेजी से आगे बढ़ी है। करीब एक दशक पहले देश अपनी जरूरत के लगभग सभी मोबाइल फोन आयात करता था लेकिन आज भारत में इस्तेमाल होने वाले 99 प्रतिशत से अधिक मोबाइल फोन देश में निर्मित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह बदलाव आसान नहीं था। शुरुआत में सरकार और उद्योग का ध्यान मोबाइल फोन की असेंबली पर रहा। उस समय इसे लेकर आलोचना भी हुई और इसे केवल ‘पेंचकस तकनीक’ कहा गया। इसके बावजूद सरकार ने अपनी नीति पर काम जारी रखा।

मंत्री ने कहा कि मोबाइल फोन की असेंबली से आगे बढ़ते हुए भारत में अब विभिन्न हिस्सों का निर्माण किया जा रहा है। इसके बाद उन हिस्सों को बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उन्हें तैयार करने वाली मशीनों के निर्माण की दिशा में भी देश आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में इस समय करीब 25 लाख लोगों को रोजगार मिला हुआ है। मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक्स का निर्माण तेजी से बढ़ रहा है और इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मोबाइल फोन निर्माण के अगले चरण को मंजूरी दी है, जिसे आज शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की मोबाइल फोन निर्माण यात्रा ने देश की विनिर्माण क्षमता को मजबूत करने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार