उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री से की मुलाकात, रेल परियोजनाओं में तेजी और डिजिटल कुंभ के लिए मांगी मदद
नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को यहां रेल, इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर उत्तराखंड में रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर त्वरित कार्रवाई का अनुरोध किया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ की तैयारियों की जानकारी देते हुए इसे “डिजिटल कुंभ” के रूप में विकसित करने के प्रयासों पर भी चर्चा की। उन्होंने इस परियोजना के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से 143.96 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता का अनुरोध किया।
राज्य में तेजी से बढ़ रहे पर्यटन और यातायात दबाव का उल्लेख करते हुए धामी ने रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) को हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तारित करने की मांग की। साथ ही ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को वर्ष 2026 तक पूर्ण कर उसके लोकार्पण का भी आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि उन्होंने टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने, बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे की अनुमति, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण और रायवाला बाई-डक ब्रिज के विकास जैसे मुद्दे भी उठाए।
इसके अतिरिक्त चारधाम रेल परियोजना के अंतर्गत डोईवाला-उत्तरकाशी एवं कर्णप्रयाग-पीपलकोटी खंडों के फाइनल लोकेशन सर्वे को शीघ्र पूरा करने तथा मोहण्ड-देहरादून-सहारनपुर रेल लाइन परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने का भी अनुरोध किया गया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

