home page

उत्तर रेलवे ने उत्कृष्ट टिकट जांच स्टाफ को किया सम्मानित, राजस्व बढ़ाने में अहम योगदान

 | 
उत्तर रेलवे ने उत्कृष्ट टिकट जांच स्टाफ को किया सम्मानित, राजस्व बढ़ाने में अहम योगदान


नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। उत्तर रेलवे ने फरवरी और मार्च के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अपने टिकट जांच स्टाफ को सम्मानित करने के लिए एक विशेष समारोह आयोजित किया। इस दौरान उन कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने राजस्व संग्रह बढ़ाने और बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।

समारोह में प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रवीण पांडेय ने चयनित अधिकारियों को सम्मानित किया। उन्होंने टिकट जांच स्टाफ की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह न केवल वैध टिकट बिक्री को प्रोत्साहित करता है, बल्कि रेलवे व्यवस्था में अनुशासन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाता है।

स्काड श्रेणी में अंबाला मंडल के उप मुख्य टिकट निरीक्षक सुनील कुमार ने 20.91 लाख रूपये मुरादाबाद मंडल के अंबुज चौहान ने 13.41 लाख रूपये और दिल्ली मंडल के राहुल सचदेवा ने 2.13 करोड़ रूपये से अधिक की राजस्व प्राप्ति कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

स्टेशन श्रेणी में मुरादाबाद मंडल के हरसहाय मीणा ने 25.17 लाख रूपये की राशि अर्जित की, जबकि मैनिंग श्रेणी में शैलेन्द्र कुमार ने 4.83 लाख रूपये का राजस्व संग्रह कर उत्कृष्ट कार्य किया।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने कर्मचारियों के अनुभव, सुझाव और चुनौतियों को भी सुना और उनके जमीनी स्तर के योगदान की सराहना की।

उत्तर रेलवे ने कहा कि इस तरह का प्रदर्शन न केवल राजस्व सुदृढ़ीकरण को दर्शाता है, बल्कि रेलवे प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को भी मजबूत करता है।

उत्तर रेलवे ने सभी सम्मानित अधिकारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट सेवा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी