यूपी के गाजीपुर की आकांक्षा सिंह 301वीं रैंक पाने वाली सफल अभ्यर्थी ः यूपीएससी
नई दिल्ली, 09 मार्च (हि.स.)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 के अंतिम परिणाम में रैंक 301 को लेकर सामने आए विवाद पर सोमवार को स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि इस रैंक पर चयनित अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले की आकांक्षा सिंह हैं।
आयोग ने बताया कि विभिन्न मीडिया रिपोर्टों में यह दावा किया जा रहा था कि एक ही नाम की दो अभ्यर्थी, आकांक्षा सिंह, सिविल सेवा परीक्षा 2025 के अंतिम परिणाम में समान रैंक 301 प्राप्त करने का दावा कर रही हैं।
यूपीएससी द्वारा जारी स्पष्टीकरण के अनुसार आयोग के अभिलेखों के मुताबिक रैंक 301 प्राप्त करने वाली सफल अभ्यर्थी का विवरण इस प्रकार है— आकांक्षा सिंह, रोल नंबर 0856794, पिता का नाम रंजीत सिंह और माता का नाम नीलम सिंह, जिनका पता उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के अभयपुर गांव का है।
उल्लेखनीय है कि विवाद तब शुरू हुआ जब बिहार निवासी एक अन्य आकांक्षा सिंह ने भी परीक्षा में 301वीं रैंक प्राप्त करने का दावा किया था, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो गई।
इस बीच परिणाम सामने आने के बाद गाजीपुर की आकांक्षा सिंह ने भी 301वीं रैंक प्राप्त करने की जानकारी दी थी। आयोग के स्पष्टीकरण के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि रैंक 301 पर चयनित अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश की हैं।
यूपीएससी ने छह मार्च को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित किया था।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

