home page

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को राजनाथ सिंह ने बताया सेवा और नेतृत्व की यात्रा

 | 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को राजनाथ सिंह ने बताया सेवा और नेतृत्व की यात्रा


-भारत को पहले गंभीरता से नहीं लिया जाता था, आज दुनिया कान खोलकर सुनती है: राजनाथ सिंह-रक्षा मंत्री ने योगी आदित्यनाथ के साथ ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

वाराणसी, 17 सितंबर (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वाराणसी से उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिंदगी लंबी नहीं, बड़ी होनी चाहिए और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने नेतृत्व, विजन और लगन से इसे हासिल किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से मोदी लगातार संवैधानिक पदों की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं।

रक्षा मंत्री सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक आयोजित ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

‘भारत की बात को आज दुनिया गंभीरता से सुनती है’

राजनाथ सिंह ने कहा कि एक समय भारत को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज भारत जो बोलता है, दुनिया ध्यान से सुनती है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को अपनी सभ्यता पर गर्व करने और अपनी क्षमताओं पर विश्वास करना सिखाया है। उन्होंने कहा कि जहां आम लोगों की सोच समाप्त होती है, वहीं से नरेन्द्र मोदी का विजन शुरू होता है।

रक्षा मंत्री ने वर्ष 2001 में गुजरात में आए विनाशकारी भूकंप का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय राज्य के भविष्य को लेकर कई तरह की आशंकाएं थीं और यह सवाल उठ रहे थे कि गुजरात दोबारा अपने पैरों पर कैसे खड़ा होगा। लेकिन नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात की तस्वीर बदली और राज्य ने विकास की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए।

‘समस्या नहीं, समाधान देखते हैं प्रधानमंत्री’

राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री की कार्यशैली का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां दूसरे लोग समस्या देखते हैं, वहीं प्रधानमंत्री समाधान देखते हैं। यही दृष्टिकोण देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में नरेन्द्र मोदी के पहली बार प्रधानमंत्री बनने से पहले किसी ने कल्पना नहीं की थी कि आने वाला दशक देश में इस तरह के बदलाव लेकर आएगा। उनके अनुसार 2014 से पहले भारत कई अवसरों का पूरा लाभ नहीं उठा सका था।

सेमीकंडक्टर क्षेत्र का उदाहरण देते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि मोबाइल फोन से लेकर ब्रह्मोस मिसाइल तक में चिप का इस्तेमाल होता है, लेकिन पहले देश में सेमीकंडक्टर निर्माण के अवसरों का लाभ नहीं उठाया जा सका। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत ने सेमीकंडक्टर निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है और देश में ‘मेड इन इंडिया’ चिप का निर्माण शुरू हुआ है।

‘मोदी की विरासत में कई उपलब्धियां दर्ज होंगी’

राजनाथ सिंह ने कहा कि भविष्य में जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विरासत लिखी जाएगी तो उसमें नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, गरीबी से लोगों को बाहर निकालने, संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और युवाओं के सपनों को अवसर देने जैसे विषयों का उल्लेख होगा। उन्होंने कहा कि एक महान नेता लोगों को स्वावलंबी बनाता है और उनके अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने भी इसी दिशा में काम किया है।

‘सेवा संकल्प यात्रा’ को बताया भावनाओं का सेतु

रक्षा मंत्री ने ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक की यात्रा नहीं, बल्कि दो स्थानों को जोड़ने वाली यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि गुजरात के वडनगर में नरेन्द्र मोदी को उनकी मां हीराबेन का आशीर्वाद मिला था। ऐसे में यह यात्रा संस्कार, साधना और सेवा के संगम का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि वाराणसी से ले जाया जा रहा जल गुजरात के वडनगर में बाबा हाटकेश्वर के जलाभिषेक में उपयोग किया जाएगा। उनके अनुसार यह काशी की दिव्यता और गुजरात की आस्था के मिलन का प्रतीक है। जन्मभूमि और कर्मभूमि के बीच शुरू हो रही यह यात्रा केवल जल के आदान-प्रदान की नहीं, बल्कि भावनाओं के आदान-प्रदान की भी यात्रा है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि इस यात्रा में गंतव्य जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक इसके पड़ाव महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से बाबा सोमनाथ की धरती और बाबा विश्वनाथ की धरती का भी भावनात्मक मिलन होगा। उन्होंने उल्लेख किया कि करीब दो हजार वर्ष पहले सारनाथ से बौद्ध भिक्षुओं ने वडनगर तक की यात्रा की थी।

प्रदर्शनी का किया अवलोकन

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, यात्रा के संयोजक एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, आंध्र प्रदेश के सांसद लवु श्रीकृष्ण, सतीश बाबू, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश भाई पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम से पहले राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ, चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्रियों तथा भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन पर आधारित ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष’ प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी