home page

(अपडेट) जब हमारे भगवान राम अयोध्या में मुस्कुरा रहे हैं, तो गोपाल कृष्ण भी जरूर मुस्कुराएंगे : मोहन यादव

 | 
(अपडेट) जब हमारे भगवान राम अयोध्या में मुस्कुरा रहे हैं, तो गोपाल कृष्ण भी जरूर मुस्कुराएंगे : मोहन यादव


—गोवर्धन पूजनोत्सव में बोले मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री, सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन मित्रता का महत्व हमेशा रहता है

वाराणसी, 10 नवम्बर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मंगलवार को कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का करीब 5 हजार साल पुराना इतिहास हम सभी को धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनका जीवन सिखाता है कि तमाम मुश्किलों के बावजूद इंसान को अपना हौसला बनाए रखना चाहिए, संघर्ष करते रहना चाहिए और हमेशा सत्य के रास्ते पर चलना चाहिए।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव अन्नकूट पर्व पर गोवर्धन पूजा समिति की ओर से नमोघाट पर आयोजित गोवर्धन पूजनोत्सव को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूपों में गोवर्धन का स्वरूप हमें खास संदेश देता है। ये प्रकृति के पूजन और उसके संरक्षण की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर इंद्र के अहंकार को चूर किया था। ये प्रसंग हमें बताता है अहंकार का अंत निश्चित है और प्रकृति का सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। भगवान कृष्ण और सुदामा के दोस्ती का उल्लेख कर कहा कि दोस्ती हो जाए तो उसे जीवनभर नहीं भूलना चाहिए। भगवान श्रीकृष्ण ने सुदामा के साथ अपनी मित्रता के जरिए दुनिया को इसका उदाहरण दिया है।

जब हमारे भगवान राम अयोध्या में मुस्कुरा रहे हैं, तो गोपाल कृष्ण भी जरूर मुस्कुराएंगेसमारोह में उन्होंने बड़ा संकेत देते हुए कहा कि परमात्मा ने समय बदला है। जब हमारे भगवान राम अयोध्या में मुस्कुरा रहे हैं, तो गोपाल कृष्ण भी जरूर मुस्कुराएंगे। दुनिया की कोई ताकत इसे रोक नहीं सकती। आने वाला समय और आनंदमय होगा। यह पर्व इंद्र का घमंड चूर करने और प्रकृति के प्रति प्रेम व संरक्षण का संदेश देता है। समारोह में उन्होंने कहा कि सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन मित्रता का महत्व हमेशा बना रहता है। दोस्ती में मदद भी इतनी दिल खोलकर करनी चाहिए कि उससे खुद को आनंद और संतोष मिले।

—शिवनाथ यादव की सराहना की

समारोह में गोवर्धन पूजा समिति के पदाधिकारियों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिवनाथ यादव और डीपी यादव के संबोधन की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हमारा भाषण कभी-कभी अटपटा हो सकता है, लेकिन शिवनाथ यादव ने बेहद शानदार और धाराप्रवाह ढंग से अपनी बात रखी।

—दस विशिष्ट लोगों को मिला 'गोवर्धन श्री सम्मान'

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यादव समाज में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले दस प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों को 'गोवर्धन श्री सम्मान' से सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में न्यायिक क्षेत्र में पूर्व न्यायाधीश महेंद्र सिंह यादव, चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. कुमार भास्कर, खेल के क्षेत्र में शिखा यादव, योग शिक्षा में प्रो. संबित भूषण, विज्ञान एवं अनुसंधान में अमित यादव तथा विधि के क्षेत्र में देवी प्रसाद यादव सहित अन्य लोग शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी