home page

वाराणसी में 28 नवंबर से शुरू होगा काशी तमिल संगमम 5.0, तमिलनाडु से 1,400 प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा

 | 
वाराणसी में 28 नवंबर से शुरू होगा काशी तमिल संगमम 5.0, तमिलनाडु से 1,400 प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा


वाराणसी, 25 नवंबर (हि.स.)। तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के काशी के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, भाषायी और सभ्यतागत संबंधों को नई मजबूती देने वाला काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से वाराणसी में शुरू होगा। 12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन की थीम ‘तिरुक्कुरल पाईलवोम-तिरुक्कुरल का अभ्यास करें’ रखी गई है। इसके माध्यम से युवा पीढ़ी और देशभर के विद्यार्थियों को तमिल के महान शास्त्रीय ग्रंथ तिरुक्कुरल की नैतिक शिक्षाओं और जीवन मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

आयोजन में तमिलनाडु से करीब 1,400 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। ये प्रतिनिधि वाराणसी के साथ प्रयागराज और अयोध्या का भी भ्रमण करेंगे। इस दौरान शैक्षणिक आदान-प्रदान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगोष्ठियां, संवाद और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आपसी समझ तथा सांस्कृतिक संबंधों को प्रगाढ़ किया जाएगा।

काशी तमिल संगमम 5.0 के तहत देश के 1,000 उच्च शिक्षण संस्थानों को जोड़कर राष्ट्रीय स्तर पर छात्र सहभागिता कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य विभिन्न शैक्षणिक विषयों और भाषायी पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों के बीच तिरुक्कुरल की व्यापक समझ विकसित करना है। इसके तहत संरचित अध्ययन, शोध और परिसर आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

प्रत्येक भागीदार संस्थान तिरुक्कुरल में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों का मूल्यांकन कर मेरिट के आधार पर एक छात्र का चयन करेगा। चयनित विद्यार्थियों को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल 22 भाषाओं और अंग्रेजी में ऑनलाइन शैक्षणिक अभिमुखीकरण दिया जाएगा। इसके बाद एक महीने तक शोध एवं शैक्षणिक गतिविधियां संचालित होंगी। इसके लिए केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान (सीआईसीटी) की ओर से बहुभाषी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम की निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले प्रत्येक पात्र चयनित विद्यार्थी को 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति (स्टाइपेंड) भी दी जाएगी। विद्यार्थियों को संकाय मार्गदर्शक की देखरेख में चार से दस पृष्ठों का शोध लेख या शोध नोट तैयार करना होगा। साथ ही अपने संस्थान में तिरुक्कुरल विषय पर एक घंटे की प्रस्तुति भी देनी होगी।

काशी तमिल संगमम के दौरान तमिलनाडु के 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश आएंगे। ये शिक्षक राज्य के स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से परिचित कराएंगे। इसके अलावा तमिलनाडु के विशेषज्ञ वाराणसी के शैक्षणिक संस्थानों में विशेष कक्षाएं और संवाद सत्र आयोजित करेंगे। विद्यार्थियों को ओरिएंटेशन मॉड्यूल, संवादात्मक सत्रों और प्रश्नोत्तरी के माध्यम से तिरुक्कुरल के नैतिक, सामाजिक और जीवनोपयोगी मूल्यों की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य इस प्राचीन तमिल ग्रंथ की शिक्षाओं को युवाओं के दैनिक जीवन से जोड़ना है।

कार्यक्रम के तहत नेशनल बुक ट्रस्ट राष्ट्रीय ई-पुस्तकालय के सहयोग से वाराणसी के स्कूलों में विशेष गतिविधियां आयोजित करेगा। इनमें पठन सत्र, कहानी सुनाने की गतिविधियां और रचनात्मक संवाद शामिल होंगे। इसके माध्यम से बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने और साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

काशी तमिल संगमम 5.0 का केंद्र बिंदु तमिल साहित्य का कालजयी ग्रंथ तिरुक्कुरल है। महान कवि तिरुवल्लुवर द्वारा रचित इस ग्रंथ में कुल 1,330 दोहे हैं, जिन्हें तीन प्रमुख भागों में विभाजित किया गया है। इनमें अराम (सद्गुण), पोरुल (धन एवं सामाजिक जीवन) और इनबम (प्रेम) शामिल हैं। तिरुक्कुरल नैतिकता, सदाचार, सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों की गहरी व्याख्या करता है। केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान ने इसका संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भारतीय भाषाओं सहित कुल 25 भारतीय भाषाओं में अनुवाद किया है। इसके अलावा कई विदेशी भाषाओं और ब्रेल लिपि में भी इसे उपलब्ध कराया गया है।

काशी तमिल संगमम 5.0 का उद्घाटन 28 नवंबर को होगा, जबकि 12 दिसंबर को समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। छात्र सहभागिता कार्यक्रम के तहत चयनित विद्यार्थी दोनों प्रमुख आयोजनों में ऑनलाइन माध्यम से शामिल होंगे। इस अवसर पर बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में तिरुक्कुरल पर राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें भारतीय भाषा समिति भी सहयोगी होगी। संस्कृति मंत्रालय की ओर से सांस्कृतिक मंडलियों, तिरुक्कुरल पर आधारित लघु फिल्मों की स्क्रीनिंग और विभिन्न सांस्कृतिक प्रदर्शन स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य आयोजन स्थल पर तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

काशी तमिल संगमम का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के दो प्राचीन ज्ञान केंद्रों तमिलनाडु और काशी के बीच ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत संबंधों को पुनर्जीवित करना भी है। दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच धार्मिक यात्राओं और परंपराओं के माध्यम से सदियों से आत्मीय संबंध रहे हैं। तमिलनाडु के श्रद्धालु पीढ़ियों से काशी और उत्तर भारत के अन्य तीर्थस्थलों की यात्रा करते रहे हैं, वहीं काशी का दक्षिण भारत से भी गहरा जुड़ाव रहा है। वाराणसी के हनुमान घाट और केदार घाट के आसपास तमिल समुदाय के लोगों की पुरानी बसावट रही है। धर्मपुरम अधीनम के स्वामी कुमारगुरुपारा तमिलनाडु से काशी आए थे और उन्होंने केदार घाट पर केदारेश्वर मंदिर का निर्माण कराया था। इसी घाट पर करीब 200 वर्ष पुराना कुमारस्वामी मठ और मार्कंडेय आश्रम भी स्थित है। तमिलनाडु के तेनकासी को दक्षिण की काशी कहा जाता है। वहीं, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में महाकवि सुब्रमणिया भारती के नाम पर एक पीठ भी स्थापित है।

काशी तमिल संगमम की शुरुआत वर्ष 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान हुई थी। इसके अब तक चार संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं। इन आयोजनों के माध्यम से दोनों क्षेत्रों के बीच भाषा, ज्ञान, परंपराओं, कला और जीवनशैली से जुड़े अनुभवों का आदान-प्रदान हुआ है। हर संस्करण में तमिलनाडु से छात्र, शिक्षक, कारीगर, विद्वान, आध्यात्मिक गुरु और सांस्कृतिक प्रतिनिधि काशी पहुंचते हैं। वे यहां के मंदिरों, तमिल संस्कृति से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों और प्रयागराज एवं अयोध्या जैसे धार्मिक नगरों का भ्रमण करते हैं। इसके अलावा संगोष्ठियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, खेल आयोजनों और प्रदर्शनियों के माध्यम से स्थानीय लोगों से संवाद भी करते हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस आयोजन को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने वाला जीवंत कार्यक्रम बताया है। वर्ष 2022 में शुरू हुई इस पहल का व्यापक उद्देश्य भारत की साझा ज्ञान परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सामने लाना तथा विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करना है।

काशी तमिल संगमम का आयोजन शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग, आईआईटी मद्रास, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान (सीआईसीटी), चेन्नई और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से किया जाता है। इसमें संस्कृति, रेलवे, पर्यटन और वस्त्र सहित कई केंद्रीय मंत्रालय एवं विभाग भी भागीदारी करते हैं।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी