रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने काशी विश्वनाथ और संकटमोचन मंदिर में किए दर्शन-पूजन
वाराणसी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार शाम उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी वाराणसी के श्री संकटमोचन मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर देश में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। वह भारतीय वायुसेना के 94 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को नमोघाट पर आयोजित होने वाले मेगा एयरशो ‘विंग्स ओवर गंगा’ के समापन समारोह में शामिल होने वाराणसी पहुंचे हैं।
रात्रि विश्राम से पहले रक्षामंत्री सबसे पहले श्री संकटमोचन मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इस दौरान मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभरनाथ मिश्र भी मौजूद रहे। मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
संकटमोचन मंदिर में दर्शन के बाद राजनाथ सिंह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ के पावन ज्योतिर्लिंग का अभिषेक किया और षोडशोपचार विधि से पूजन-अर्चन कर देशवासियों के सुख, शांति और कल्याण की प्रार्थना की। इस दौरान भाजपा के नेता, जनप्रतिनिधि तथा सेना और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
दर्शन-पूजन के बाद रक्षामंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “मुझे वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने का सौभाग्य मिला है। महादेव की कृपा हमारे देश के सभी लोगों पर बनी रहे। हर-हर महादेव!”
--रक्षामंत्री से गेस्टहाउस में मिले यूपी के मुख्यमंत्री योगी
वाराणसी दौरे में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार देर शाम छावनी क्षेत्र स्थित वीरपुर गेस्टहाउस में ठहरे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। कुछ देर रक्षामंत्री से बातचीत के बाद मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम के लिए सर्किट हाउस के लिए रवाना हो गए।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

