home page

प्रधानमंत्री मोदी ने देश की आधी आबादी को वह सम्मान दिया, जो पूर्ववर्ती सरकारें नहीं दे सकीं: नितिन नवीन

 | 
प्रधानमंत्री मोदी ने देश की आधी आबादी को वह सम्मान दिया, जो पूर्ववर्ती सरकारें नहीं दे सकीं: नितिन नवीन


— ‘जनआक्रोश महिला सम्मेलन’ में भाजपा अध्यक्ष नवीन ने किया काशी की महिमा का गुणगान

वाराणसी, 28 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को बरेका में आयोजित ‘जनआक्रोश महिला सम्मेलन’ में केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जमकर गुणगान किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले एक दशक से प्रधानमंत्री ने देश की आधी आबादी को वह सम्मान दिया है, जो पूर्ववर्ती सरकारें नहीं दे सकीं। प्रधानमंत्री ने सिर्फ अपनी ही मां का सम्मान नहीं किया बल्कि देश की माताओं का भी सम्मान किया है।

प्रधानमंत्री मोदी की जमकर प्रशंसा करते हुए नवीन ने कहा कि वह उस मां को नमन करते हैं, जिन्होंने नरेंद्र मोदी जैसे पुत्र को जन्म दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए किए गए कार्य सराहना और गर्व के पात्र हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से आज करोड़ों महिलाओं को चुल्हें के धुएं से मुक्ति मिली है। केंद्र व राज्य में महिलाओं के हित में उठाए गए कदमों का उल्लेख कर उन्हाे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चाहे हर घर शौचालय हो या उज्ज्वला योजना, इससे आपके आसुओं को पोंछने का काम किया। लेकिन विपक्ष ने आपका रास्ता रोकने का काम किया है। लेकिन हमें पता है कि जब-जब पीएम ने संकल्प लिया, उसे पूरा किया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं को घर का मालिकाना हक दिया गया, जिससे उनका सामाजिक सम्मान बढ़ा है। आज महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से नए अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं के जीवन में जो सकारात्मक बदलाव आया है, वह अभूतपूर्व है। आज महिलाएं एआई से लेकर ओलंपियाड और खेल का नेतृत्व कर रही हैं। बेटी बढ़ाओ बेटी बचाओ जैसी योजनाओं से महिलाएं और बेटियां सशक्त हो रही हैं। ट्रिपल तलाक पर लिए गए फैसले से मुस्लिम महिलाओं को सम्मान मिला है।

भाजपा अध्यक्ष ने काशी की महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि काशी केवल एक शहर या भौगोलिक इकाई नहीं है, बल्कि एक जीवंत चेतना भी है। जिस प्रकार मां गंगा भारतीय संस्कृति को सिंचित करती हैं, उसी प्रकार देश की महिलाएं परिवार और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। जनसभा में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी