home page

कानपुर में प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त, दो पायलटों की मौत

 | 
कानपुर में प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त, दो पायलटों की मौत


कानपुर में प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त, दो पायलटों की मौत


कानपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में ग्वालटोली थाना क्षेत्र अंतर्गत नत्थापुरवा गांव के बाहरी इलाके में गुरुवार दोपहर एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हाे गया। इस हादसे में प्रशिक्षु पायलट और प्रशिक्षक की मौत हो गई। रेस्क्यू टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि चकेरी स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से चार सीट वाले डुअल इंजन टेकनम विमान ने सुबह करीब 11:30 बजे उड़ान भरी थी। ट्रेनिंग सेंटर के प्रशिक्षक सचिन भाटिया निवासी गुजरात और ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी निवासी कर्नाटक विमान काे लेकर करीब 20 मिनट उड़ान के बाद चकेरी से गंगा बैराज क्षेत्र के पास नत्थापुरवां गांव पहुंचे ही थे कि तभी अचानक विमान ऊंचाई से खेत में जा गिरा। विमान के गिरते ही तेज आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में ग्रामीण की भीड़ घटनास्थल जमा हाे गई।

स्थानीय लाेगाें की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। इस दाैरान रेस्क्यू कर विमान में फंसे दाेनाें पायलट काे निकालते हुए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तौर पर मौत की वजह ऊंचाई से गिरने के कारण लगी गंभीर चोट बताई गई हैं।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि एविएशन से जानकारी में पता चला कि सचिन भाटिया के पास करीब 3000 घंटे की उड़ान का अनुभव था। उन्हाेंने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है और उसके हिस्से खेत में बिखर गए हैं।

उन्हाेंने बताया कि विमान के मलबे और आसपास मौजूद अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया गया। हादसे की सूचना नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को दे दी गई है। विमान दुर्घटना की तकनीकी और अन्य विस्तृत जांच डीजीसीए की टीम करेगी।

पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान का इस्तेमाल प्रशिक्षण के लिए किया जा रहा था। कंपनी की ओर से शुरुआती तौर पर दावा किया गया है कि वर्ष 2023 से गर्ग एविएशन के पास मौजूद इस विमान में रखरखाव से जुड़ी कोई कमी नहीं थी। हालांकि, दुर्घटना के कारण को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। विमान की तकनीकी स्थिति और रखरखाव से जुड़े रिकॉर्ड की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप