home page

(लीड) शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव मामले में दो नाबालिग हिरासत में

 | 
(लीड) शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव मामले में दो नाबालिग हिरासत में


नई दिल्ली/फिरोजाबाद, 12 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद की थाना रसूलपुर पुलिस टीम ने शुक्रवार को स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन पर पत्थर मारने वाले दाे नाबालिगाें काे को हिरासत में लिया है। इसी ट्रेन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत भी सफर कर रहे थे। हालांकि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आयी है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन संख्या 12003 लखनऊ-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस पर 11 जून को शाम करीब 7:18 बजे उस समय पथराव हुआ, जब ट्रेन प्रयागराज मंडल अंतर्गत फिरोजाबाद स्टेशन के पास पहुंच रही थी। रेलवे सुरक्षा बल और संबंधित अधिकारियों ने जांच शुरू की। स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई, जिसके बाद दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

उल्लेखनीय है कि, गुरुवार देर शाम मक्खनपुर और फिरोजाबाद रेलवे स्टेशनों के बीच पैमेश्वर गेट के पास कुछ असामाजिक तत्वों ने लखनऊ-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस को निशाना बनाया था। घटना के समय संघ प्रमुख मोहन भागवत भी इसी ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। हालांकि, इस घटना में उन्हें या किसी अन्य यात्री को कोई चोट नहीं आई।

ट्रेन के टुंडला स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ टीम ने कोच का निरीक्षण किया, जिसमें केवल बाहरी शीशा क्षतिग्रस्त पाया गया। घटना के बाद पुलिस, एलआईयू और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

वहीं, फिरोजाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि 11 जून काे प्रभारी निरीक्षक रेलवे द्वारा सूचना दी गई कि गाड़ी संख्या 12003 स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस मक्खनपुर और फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन के बीच जब पेमेश्वर गेट के खंबा नंबर 1230/05 निकट से गुजर रही थी तभी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ट्रेन पर पत्थर चलाया गया था जिससे खिड़की का शीशा टूट गया था। इस घटना की सूचना पर तत्काल थाना रसूलपुर में रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी ने बताया कि उन्हाेंने अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा रेंज तथा स्थानीय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना के खुलासे के लिए थाना रसूलपुर, दक्षिण, लाइनपार व एसओजी, सर्विलांस सहित कुल 10 पुलिस टीमों का गठन किया था। गठित पुलिस टीम द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया। पुलिस टीमों द्वारा लगातार लगभग 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज देखे गये। जिनमें रेलवे ट्रैक पर कूड़ा बीनने वाले तीन बाल अपचारी द्वारा कूड़ा बीनते समय ट्रैक के पास से पत्थर उठाकर स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन पर फेंका जाना सामने आया। जिससे ट्रेन के विन्डो का ग्लास टूट गया था।

उन्होंने बताया कि इस घटना में तीन नाबालिगाें के नाम प्रकाश में आए हैं। पुलिस टीम ने शुक्रवार को दो नाबालिगाें को हिरासत मे लिया गया है तथा तीसरे की तलाश जारी है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़