भाजपा के आठ और सपा के दो राज्यसभा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित
लखनऊ, 09 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी के आठ और समाजवादी पार्टी के दो राज्यसभा सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। नामांकन पत्रों की जांच एवं नाम वापसी की समय सीमा पूर्ण होने के बाद केवल 10 उम्मीदवार ही बचे थे, इसलिए मतदान कराने की जरूरत नहीं पड़ी। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की 10 सीटों केेेे प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
विधानसभा में समाजवादी पार्टी के प्रोफेसर रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी को प्रमाणपत्र सौंपा गया। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के धर्मपाल सिंह, विद्यासागर सोनकर, प्रियंका रावत, गोपी पांडे, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, राम प्रताप सिंह और श्रुति गंगवार को प्रमाणपत्र सौंपा गया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव 2026 में निर्विरोध निर्वाचित होने पर भाजपा के सभी प्रत्याशियों को बधाई दी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आप सभी समर्पण, निष्ठा और निरंतर सहयोग से संसद की कार्यवाही को सुचारू बनाते हुए विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उत्तर प्रदेश एवं देश की विकास यात्रा को नई गति देने के लिए आपका यह कार्यकाल अत्यंत सफल रहे, ऐसी मंगलकामना है।
धर्मपाल सिंह ने नेतृत्व का जताया आभार
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित होने पर शीर्ष नेतृत्व, संगठन एवं सभी कार्यकर्ताओं आभार जताया है। पत्रकारों से बात करते हुए कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार पिछड़े एवं कमजोर वर्गों को सम्मान, अवसर प्रदान करने के संकल्प को निरंतर सशक्त कर रही है। राज्यसभा का प्रमाण पत्र लेने के बाद धर्मपाल सिंह ने राजधानी लखनऊ के नगर निगम स्थित झंडी पार्क में श्रद्धेय स्व. कल्याण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के उनके आदर्श हम सभी को सदैव प्रेरित करते रहेंगे। अमर शहीद वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर उन्हें शत-शत नमन किया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

