यूपी : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस की खड़ी पिकअप में टक्कर, पांच की मौत
बाराबंकी, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। थाना सुबेहा क्षेत्र में किलोमीटर 53.3 के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एंबुलेंस सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस संख्या (आरजे 14 पीएफ 8529) पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। इसी दौरान उसने खड़ी पिकअप संख्या (यूपी 78 जेटी 6480) में पीछे से टक्कर मार दी। एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
सड़क हादसे में जान गंवाने वाले बिहार के समस्तीपुर निवासी अशोक शर्मा का शव रखा था। उनके परिजन शव लेकर गांव में अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे। हादसे में अशोक शर्मा के बेटे राजकुमार शर्मा उर्फ सतीश शर्मा, रवि शर्मा, फूलो शर्मा और एंबुलेंस के दोनों चालक सरफराज व आबिद की मौत हो गई।
घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। अपर पुलिस अधीक्षक ने घटना पर दु:ख जताते हुए कहा कि हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है और सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
वहीं, हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने तथा मृतकों के परिजनों से संवाद कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

