मोदी-याेगी के नेतृत्व में कृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा : नृत्य गोपाल दास
अयोध्या, 04 सितंबर (हि.स.)। अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं श्रीमणीराम दास छावनी मन्दिर के महंत नृत्य गोपाल दास ने भरोसा जताते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि स्थल पर भव्य मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।
महंत नृत्य गाेपाल दास बीते कई वर्षों से लगातार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि पर उपस्थित होकर कृष्ण लला का अभिषेक करते रहे हैं। इस बार वह मथुरा नहीं जा पाए हैं। स्वास्थ्य कारणाें से उन्हाेंने मथुरा जाने का कार्यक्रम स्थगित किथा है। स्वास्थ्य खराब होने के चलते अपने आश्रम पर आराम कर रहे हैं। मथुरा नहीं जा पाने के लिए उन्हाेंने खेद व्यक्त किया है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं श्रीमणीराम दास छावनी मन्दिर के महंत नृत्य गोपाल दास ने पत्र लिख कृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण में कारसेवा की इच्छा प्रकट की है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि अगर अखाड़ा परिषद के नेतृत्व में साधु-संत कार सेवा करेंगे तो वे भी सहभागी बनेंगे। उन्हें विश्वास है कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि स्थल पर मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।-----
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

