home page

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को दिया प्राकृतिक खेती का मंत्र, गौ सेवा व नशामुक्ति का लिया संकल्प

 | 
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को दिया प्राकृतिक खेती का मंत्र, गौ सेवा व नशामुक्ति का लिया संकल्प


मथुरा, 28 नवम्बर(हि.स.)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार काे उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के फरह क्षेत्र स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली नगला चंद्रभान के समीप परखम गांव में शनिवार दोपहर आयोजित पं. दीनदयाल उपाध्याय कामधेनु गौशाला समिति के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्हाेंने किसानों, युवाओं और स्थानीय लोगों से कहा कि गोमूत्र, गाय के गोबर और प्राकृतिक मिट्टी से प्राकृतिक खेती करने पर किसानों की आमदनी दोगुनी हो सकती है और रासायनिक खाद के अतिरेक से होने वाले नुकसान से भी बचा जा सकता है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ब्रज की पावन भूमि को नमन करते हुए जमकर ब्रजभूमि के जयकारे लगाते हुए गौ संवर्धन, आयुर्वेदिक अनुसंधान और नशामुक्ति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने लोगों से नशा छोड़ने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि ब्रज में रहकर गाय की सेवा करें और गाय के दूध से स्वयं को हृष्ट-पुष्ट बनाएं। साथ ही उन्होंने बताया कि अनुसंधान केंद्र ने गौ माता के लिए सुपर फूड तैयार करने का संकल्प लिया है और रसायन मुक्त खेती आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहद जरूरी है।

परखम गांव में पशु चिकित्सालय महाविद्यालय, आवासीय परिसर और आयुर्वेदिक चिकित्सालय का शिलान्यास किया गया। वहीं श्री नंदेश्वर छात्रावास के हॉस्टल और अनुवादात्मक चिकित्सा में आयुर्वेदिक अनुसंधान केंद्र का लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम में पशु आयुर्वेदिक पारंपरिक ज्ञान पर आधारित एक वर्षीय डिप्लोमा पुस्तक का भी विमोचन किया गया।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांवों को गरीबी मुक्त बनाने की दिशा में काम हो रहा है, जबकि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हुई है और प्रदेश एक आदर्श व विकसित राज्य के रूप में आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में मौजूद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण का जिक्र करते हुए कहा कि प्रयोगशाला में गोमूत्र, गोबर, दूध, दही और घी पर शोध कार्य किया जाएगा, ताकि गौ माता स्वस्थ और प्रसन्न रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार