home page

आस्था व आर्थिकी के संगम से विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ रहा भारत : सीएम योगी

 | 
आस्था व आर्थिकी के संगम से विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ रहा भारत : सीएम योगी


आस्था व आर्थिकी के संगम से विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ रहा भारत : सीएम योगी


आस्था व आर्थिकी के संगम से विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ रहा भारत : सीएम योगी


लखनऊ, 12 जून (हि.स.)। सेवा, सुशासन और समर्पण को समर्पित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 140 करोड़ भारतीयों की निरंतर सेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लोकभवन में मीडिया संवाद किया। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने लोकभवन में आयोजित विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की आस्था व सांस्कृतिक विरासत को वह सम्मान प्राप्त हुआ, जिसकी लंबे समय से अपेक्षा थी। 500 वर्षों के संघर्ष के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ और प्रधानमंत्री मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री बने, जिन्होंने राम मंदिर के शिलान्यास, प्राण-प्रतिष्ठा तथा मंदिर पर सनातन ध्वज आरोहण जैसे तीनों ऐतिहासिक कार्य अपने कर-कमलों से संपन्न किए। अयोध्या में रामलला की प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और केदारपुरी के पुनरुद्धार जैसे कार्य भारत की सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण के प्रतीक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद भी कई अवसरों पर देश की आस्था एवं सांस्कृतिक विरासत को अपेक्षित सम्मान नहीं मिला। उन्होंने स्मरण कराया कि सोमनाथ मंदिर के पुनरुद्धार के समय तत्कालीन प्रधानमंत्री ने वहां जाने से इनकार कर दिया था और राष्ट्रपति को भी कार्यक्रम में शामिल होने से रोका गया था। इसके विपरीत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर को सम्मानपूर्वक पुनर्स्थापित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है और आज देश का प्रत्येक नागरिक नए भारत का हिस्सा होने पर गर्व महसूस कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद लंबे समय तक योजनाएं बनती रहीं, लेकिन उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पहली बार योजनाओं को जन आंदोलन का स्वरूप मिला। जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों बैंक खाते खोले गए, स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ शौचालय बने, 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्राप्त हुआ। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंड-अप इंडिया और मुद्रा योजना जैसी पहलों ने देश को नई दिशा दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को प्रधानमंत्री की योजनाओं का सर्वाधिक लाभ मिला है। राज्य में 65 लाख गरीबों को आवास, तीन करोड़ परिवारों को शौचालय, लगभग दाे करोड़ परिवारों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन तथा 15 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला। कोविड काल में 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया। गरीब अब केवल वोट बैंक नहीं रहा, बल्कि विकास प्रक्रिया का केंद्र बन चुका है।

महिला सशक्तीकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, मातृ वंदन योजना, नारी शक्ति वंदन अधिनियम और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं ने महिलाओं को नई पहचान दी है। उत्तर प्रदेश में भी बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, बैग, पुस्तकें और स्वेटर उपलब्ध कराए गए। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से बेटियों के जीवन को सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने का कार्य किया गया। मिशन शक्ति अभियान और पुलिस बल में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण ने महिलाओं को सुरक्षा व अवसर प्रदान किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद और सीमा पार से मिलने वाली चुनौतियों का निर्णायक जवाब दिया है। ऑपरेशन सिंदूर, सर्जिकल और एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाइयों ने स्पष्ट कर दिया कि यदि कोई भारत की सुरक्षा व संप्रभुता को चुनौती देगा तो उसे उसके घर में घुसकर जवाब दिया जाएगा। इससे देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई और सैनिकों का मनोबल भी बढ़ा। प्रधानमंत्री मोदी के दृढ़ नेतृत्व और प्रभावी रणनीति का परिणाम है कि देश नक्सलवाद मुक्त भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सीमा पार से होने वाले हमलों और आतंकवादी घटनाओं पर देश की प्रतिक्रिया सीमित रहती थी। यूपीए शासनकाल में दुश्मन देश भारतीय सैनिकों के सिर काटकर ले गया था, लेकिन सरकार मौन रही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में उत्पन्न संकट, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की परिस्थितियों और वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत ने अपने नागरिकों को ऊर्जा संकट से बचाए रखा। जब अमेरिका सहित अनेक देशों में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में भारी वृद्धि हुई और महंगाई ने आम लोगों को प्रभावित किया, तब भी भारत ने ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की तथा महंगाई को नियंत्रित रखने में सफलता प्राप्त की।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, एनडीए के सहयोगी अपना दल के नेता एवं मंत्री आशीष पटेल, सुहेलदेव राजभर पार्टी के नेता एवं मंत्री ओम प्रकाश राजभर, निषाद राज पार्टी के नेता व मंत्री संजय निषाद, राष्ट्रीय लोक दल के नेता व मंत्री अनिल कुमार तथा विधान परिषद सदस्य मानवेंद्र सिंह उपस्थित रहे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन