उत्तर प्रदेश को किस दिशा में लेकर जाना है, आज फैसला लेना है : चिराग पासवान
वाराणसी, 05 नवम्बर (हि. स.)। वाराणसी में जगतपुर स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज में लोक जनशक्ति पार्टी (आर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग़ पासवान ने नव संकल्प कार्यक्रम में कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी में कुछ सपने कुछ वादे लेकर आया हूं। आज हम लोगों को फैसला लेना है कि उत्तर प्रदेश को किस दिशा में लेकर जाना है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि मैंने अपने पिता रामविलास पासवान को देखा है, उन्होंने किस तरह से अपना जीवन अगली पीढ़ी के लिए बिताया है। फिर भी हम लोग आज भी मूलभूत व्यवस्थाओं के लिए जूझ रहे हैं। छोटी-छोटी सुविधा आज भी हम लोगों के लिए बड़ा संघर्ष बन जाती हैं। हम लोगों को कभी जाति के नाम पर ठुकराया गया, तो कभी धर्म के नाम पर ठुकराया गया। आज उत्तर प्रदेश का युवा देश के कोने-कोने में जाकर अपना जीवन काट रहा है।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लोग हमें क्या सामाजिक न्याय देंगे। आजादी के बाद देश में कांग्रेस की सरकार थी। देश संविधान से चलता है और उसके रचयिता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की एक फोटो भी इस कांग्रेस की सरकार में नहीं टांगी गई। इस अवसर पर लोक जनशक्ति पार्टी (आर) के विभिन्न पदाधिकारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
----------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

