बुलंदशहर में हाईवे किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी बाइक, पति -पत्नी व तीन बच्चों समेत 5 की मौत
बुलंदशहर, 08 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शुक्रवार को एनएच-34 पर हुए एक हादसे में ट्रक से टकरा कर बाइक सवार माता- पिता और तीन बच्चों व सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गयी। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस टीम पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे का शिकार हुआ परिवार वैष्णो देवी धाम के दर्शन कर लाैटा था और रिश्तेदार के घर रुकने के बाद आज अपने गांव लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार बुलंदशहर में खुर्जा की तरफ से उत्तम सिंह बाइक से पत्नी और तीन बच्चों के साथ बुलंदशहर नगर के धमेड़ा अड्डा की तरफ अपने घर आ रहे थे। देहात कोतवाली में एनएच-34 पर भंसौली कट के पास बाइक सड़क के किनारे खड़ी ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही पांचों की मौत हो गई। मृतकों में उत्तम, उनकी पत्नी उर्मिला, बेटा निशांत, बेटी दिशा और मासूम अनायरा शामिल हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एसएसपी बुलंदशहर, एसपी सिटी, सीओ और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू की । प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हादसे का शिकार हुए कोतवाली नगर क्षेत्र के गांव धानेरा कीरत निवासी 38 वर्षीय उत्तम पुत्र महिपाल सिंह अपनी पत्नी उर्मिला और तीन बच्चों के साथ वैष्णो देवी दर्शन कर वापस आये थे और खुर्जा में अपने एक रिश्तेदार के यहां रुके थे। शुक्रवार काे सभी लोग बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कोतवाली देहात क्षेत्र के भासौली मोड़ के पास यह हादसा हाे गया।
मौके पर पहुंचे एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया घटना दुर्भाग्यपूर्ण घटित हुई है । इस हादसे में उत्तम सिंह व उनकी पत्नी उर्मिला व तीन बच्चों की मौत हुई है। यह परिवार धानेरा कीरत का रहने वाला था। घटनास्थल से एक हरियाणा नम्बर प्लेट ट्रक की मिली है और हम हादसे की जांच कर रहे हैं। वहीं हादसे का शिकार उर्मिला के भाई रमेश ने बताया कि पूरा परिवार वैष्णो देवी दर्शन कर लौट रहा था। खुर्जा में रिश्तेदारी में रुकने के बाद वे अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Pawan Sharma

