बसपा विधायक उमा शंकर सिंह के घर आयकर का छापा, योगी सरकार के मंत्री ने जताई नाराजगी
लखनऊ, 25 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ के आवास समेत अन्य ठिकानों पर आयकर विभाग के अधिकारियों ने बुधवार काे भारी पुलिस बल के साथ छापा मारा है। इसे लेकर बसपा प्रमुख ने अपने विधायक का बचाव किया और राज्य सरकार के एक मंत्री ने सार्वजनिक रूप से कार्यवाही की निंदा की है।
उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया की रसडा विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी से विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ के गोमती नगर स्थित आवास समेत अन्य ठिकानों पर आयकर विभाग की टीमों ने छापेमारी की। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उमाशंकर सिंह बहुजन समाज पार्टी से विधायक चुने गए थे। वे प्रदेश के एकमात्र बसपा के विधायक हैं और पिछले दो सालों से अस्वस्थ चल रहे हैं। विधायक और उनके सहयाेगियाें के लखनऊ व साेनभद्र समेत कई जिलाें के ठिकानों पर आयकर की छापेमारी ने राज्य की सियासत गरमा दी है।
उधर, इस कार्रवाई पर बसपा प्रमुख मायावती ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि उमाशंकर सिंह ने कोई भी गलत कार्य नहीं किया है और उनकी बीमारी के समय इस प्रकार की कार्यवाही उचित नहीं है और उनके खिलाफ किसी प्रकार की शिकायत नहीं है।
बसपा विधायक के नजदीकी रिश्तेदार और योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बुधवार को उमाशंकर सिंह के घर और कार्यालय पर आयकर विभाग की कार्यवाही पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने साेशल मीडिया एक्स पर जारी किए गए बयान में कहा कि विधायक उमाशंकर सिंह दो वर्ष से अधिक से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। इस समय उनके घर पर नर्स या डॉक्टर को भी जाने की अनुमति नहीं है। यदि उनके जीवन को कोई हानि होती हैं तो ये संवेदनहीन संस्थाएं जिम्मेदार होंगी। उन्होंने लिखा कि बलिया के रसड़ा से विधायक उमाशंकर सिंह के घर मेरी बेटी ब्याही है। उनके घर में आज आयकर विभाग की टीम छापा मार रही है। देश-प्रदेश के राजनेता, आयकर सहित सभी संस्थाओं को पता है कि उमाशंकर सिंह दो वर्ष से अधिक से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। वर्तमान परिस्थितियों में उनके लिए धनार्जन नहीं सांसें बचाने में ही सारा समय और धन व्यय हो रहा है और सभी व्यवसाय लगभग बंद हो गए हैं।
बसपा विधायक के ठिकानाें पर इस कार्रवाई काे लेकर आयकर विभाग की ओर से काेई बयान जारी नहीं किया गया है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

