home page

(राउंडअप) देश को विकसित बनाने में प्रधानमंत्री मोदी ने जो संकल्प देखे हैं उनको सभी कार्यकर्ता गांवों तक लेकर जाएं : नितिन नबीन

 | 
(राउंडअप) देश को विकसित बनाने में प्रधानमंत्री मोदी ने जो संकल्प देखे हैं उनको सभी कार्यकर्ता गांवों तक लेकर जाएं : नितिन नबीन


(राउंडअप) देश को विकसित बनाने में प्रधानमंत्री मोदी ने जो संकल्प देखे हैं उनको सभी कार्यकर्ता गांवों तक लेकर जाएं : नितिन नबीन


—अयोध्या में भव्य राम मंदिर बना, काशी विश्वनाथ धाम अपने नए स्वरूप में आगे आया, मां विंध्यवासिनी का भव्य कारीडोर बना, दिव्य और भव्य कुंभ भी मना: मुख्यमंत्री योगी

वाराणसी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आयोजित सेवा संकल्प बाइक यात्रा के समापन पर विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन (मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में) के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह यात्रा उनके जन्मस्थान वडनगर (गुजरात) से शुरू होकर उनकी कर्मभूमि काशी पहुंची है। समापन कार्यक्रम और जनसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद नितिन नबीन, असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्वा सरमा, और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री व प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी शामिल हुए।

जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सेवा संकल्प अभियान के सत्र को संबोधित करने के साथ लगभग 20 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी करके वाराणसी पहुंचे बाइकर्स का स्वागत किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य से निकालकर विकसित राज्य बनाने में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि देश को विकसित बनाने में प्रधानमंत्री ने जो संकल्प देखे हैं उनको सभी कार्यकर्ता गांवों तक लेकर जाएं। नितिन नबीन ने कहा कि इतिहास का निर्माता ऐसे नहीं बनता बल्कि अगर हम पिछले 25 वर्षों देखें तब हम जरूर कह सकते हैं की देश के प्रधानमंत्री ने इतिहास रचा है।

जनभावना को समझते हुए उन्होंने देश को निराशा के माहौल से निकालने का कार्य किया। उन्होंने युवाओ के अंदर आशा और उम्मीद को जगाने का कार्य किया है। उन्होंने तीन तलाक, विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बनाने, सभी व्यक्तियों को छत देकर चार करोड़ से ज्यादे लोगों को लाभांवित किया, नक्सलवाद को खत्म किया, उत्तर पूर्व राज्यों तक आसान पहुंच सुनिश्चित की, उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने में प्रदेश आगे बढ़ा ये सभी विकास कार्य प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री के प्रयासों से हुआ है।

उन्होंने पं.दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय की भी बात की। उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष देश के अंदर अराजकता का माहौल बनाना चाहता हैं। अराजकता वादी मानसिकता को भारत की जनता जवाब देगी। 'वी कैन डू इट ' नारे के साथ युवा सभी जगहों पर डटा रहेगा। युवा साथी न थकेगा न टिकेगा 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति लगातार आगे बढ़ेगा।

जनसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना संबोधन भारत माता की जय, वंदे मातरम्, हर हर महादेव के नारे के साथ किया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का काशी की पावन धरा पर काशीवासियों की तरफ से स्वागत किया। सुरक्षित एवं विकसित असम के लिए हिमंत बिस्वा सरमा का भी स्वागत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के हेड ऑफ स्टेट के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर यात्रा के काशी में आगमन पर हार्दिक बधाइयां एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि 25 वर्ष पहले गुजरात की सत्ता संभालने वाले प्रधानमंत्री ने प्रदेश को विकास के नए रास्ते पर लाकर खड़ा किया। पिछले वर्षों में काशी को बदलते देखा गया है। उत्तर प्रदेश की स्थिति किसी से छिपी नहीं है, जमीन पर अवैध कब्जा, महिलाओं के साथ खिलवाड़, अराजकता चरम पर थी लेकिन आज माफिया मिट्टी में मिला, अयोध्या में भव्य राम मंदिर बना, काशी विश्वनाथ धाम अपने नए स्वरूप में आगे आया, मां विंध्यवासिनी का भव्य कारीडोर बना, दिव्य और भव्य कुंभ भी बना। आज उत्तर प्रदेश एक नए आयाम स्थापित किया है। सेवा संकल्प अभियान प्रतिदिन नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

जनसभा में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा के यूपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने यात्रा में शामिल युवाओं व कार्यकर्ताओं के साहस और निष्ठा की सराहना की। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वडनगर से काशी तक का यह मार्ग चुनौतीपूर्ण था और सुरक्षा को लेकर प्रारंभिक चिंताएं थीं, लेकिन कार्यकर्ताओं के अटूट संकल्प और उत्साह के सामने हर बाधा आसान हो गई। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी का जीवन हम कार्यकर्ताओं को राष्ट्रसेवा और जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।

जनसभा में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि आज का दिन बहुत बड़ा है क्योंकि आज से 25 वर्ष पहले भूकंप से पीड़ित गुजरात को नए नेतृत्व के रूप में नरेंद्र मोदी का दायित्व मिला था। उन्होंने गुजरात को अग्रणी राज्यों के रूप में लाकर खड़ा भी किया। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूरे देश में 2530 से ज्यादे विधायक तथा 740 से ज्यादे सांसद भी मौजूद हैं। उन्होंने देश को आगे बढ़ाते हुए विश्व में एक नई शक्ति के रूप में उभारा है। आज देश में सेमीकंडक्टर निर्माण से पहचान मिली है, नक्सलवाद, उग्रवाद से छुटकारा मिला है। जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का बुके तथा अंगवस्त्रम देकर स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। सभा का संचालन क्षेत्र उपाध्यक्ष अमित राय ने किया। कार्यक्रम में वडोदरा के सांसद हेमांग जोशी, यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ दयाशंकर मिश्र 'दयालु', एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, त्रिभुवन राम, डॉ सुनील पटेल, मंडलायुक्त एस राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार आदि की भी मौजूदगी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी