ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत ,दूध लेकर घर लौटते समय हुआ हादसा
बिजनौर, 09 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के थाना कस्बा जलालाबाद में बुधवार सुबह दूध लेकर घर लौट रहे एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा रेलवे ट्रैक पर खंभा संख्या 1498/18 के पास हुआ। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय मो. आमिर निवासी राहुखेड़ी कोरा राजारामपुर के रूप में हुई है। परिजनाें ने बताया कि आमिर सुबह करीब सात बजे राहुखेड़ी से दूध लेकर अपने घर लौट रहा था। जलालाबाद रेलवे ट्रैक पार करते समय वह अचानक कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। परिजनों ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
बताया गया कि आमिर अपने पिता के साथ ठेले पर पायदान बेचने का काम करता था। परिवार में उसके माता-पिता और एक छोटी बहन है। पिता की दूसरी पत्नी से दो और बेटे भी हैं। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया। एसआई अनीस अहमद ने पंचनामा की कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम समेत किसी अन्य कार्रवाई से इनकार कर दिया था। इसके बाद बिना पोस्टमार्टम के शव परिजनों को सौंप दिया गया।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र

