home page

गंगा नदी के ऊपर 25 अक्टूबर को एयर शो में दिखेगा दुर्लभ नजारा, प्रधानमंत्री हाेंगे मुख्य अतिथि

 | 
गंगा नदी के ऊपर 25 अक्टूबर को एयर शो में दिखेगा दुर्लभ नजारा, प्रधानमंत्री हाेंगे मुख्य अतिथि


वाराणसी, 20 अक्टूबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 अक्टूबर को वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित होने वाले भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मंगलवार काे वाराणसी में एयरफोर्स के ऑफिस में आयोजित पत्रकार वार्ता में एयर फोर्स के एयर वाइस मार्शल पीवीएस नारायण, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और कमिश्नर एस. राजलिंगम ने मंगलवार को संयुक्त रूप से यह जानकारी दी।

उन्हाेंने बताया कि वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को गंगा नदी के ऊपर होने वाला यह एरियल डिस्प्ले एयर शो यहां के लाखों लोगों को दुर्लभ नज़ारा के रूप में दिखेगा। इस एयर शो को विंग्स ओवर गैंजेज नाम दिया गया है। इस एरियल डिस्प्ले में कुल 100 विमान हिस्सा लेंगे, जिनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 ट्रांसपोर्ट विमान, 32 हेलीकॉप्टर और एक हेरिटेज (विरासत) विमान शामिल हैं। इनके साथ भारतीय वायु सेना की 'गरुड़' स्पेशल फोर्स भी इसमें भाग लेगी। ये विमान देशभर के 12 एयर बेस से उड़ान भरेंगे, जिनमें चेन्नई के पास स्थित नौसैनिक अड्डा 'अरक्कोणम' भी शामिल है। यह एयरोस्पेस शक्ति की व्यापकता और रणनीतिक पहुंच को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित होने वाला 'भारतीय वायु सेना एरियल डिस्प्ले 2026', राष्ट्र के प्रति भारतीय वायु सेना की 94 वर्षों की समर्पित सेवा के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। यह कार्यक्रम गंगा नदी के ऊपर भारतीय वायु सेना की एयरोस्पेस शक्ति का प्रदर्शन करेगा, जो युवाओं को प्रेरित करेगा और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति भारतीय वायु सेना की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराएगा। इसके लिए वाराणसी में घाटों के किनारे 11 सेक्टर बनाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि एयर शो में 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे। देश के अन्य प्रमुख लोगों के भी उपस्थित होने की संभावना है। इस एरियल डिस्प्ले में कुल 25 एयरक्राफ्ट फॉर्मेशन (विमानों के समूह) शामिल होंगे। इन फॉर्मेशन की योजना बहुत सावधानी से बनाई गई है, ताकि भारतीय वायु सेना में शामिल विभिन्न प्रकार के विमानों को प्रदर्शित किया जा सके। इस प्रदर्शन का उद्देश्य बेहतरीन तालमेल और समन्वय के साथ किए जाने वाले हवाई करतबों के जरिए, इन विमानों की परिचालन क्षमताओं और वायु सेना के पेशेवर कौशल को उजागर करना है।

इस वर्ष के फ्लाईपास्ट में भाग लेने वाले विमानों में हेलीकॉप्टर, ट्रांसपोर्ट विमान और लड़ाकू विमान शामिल हैं। हेलीकॉप्टर बेड़े में एलसीएच, चिनूक, एलसीएच एमके थर्ड, एलसीएच एमके फोर, अपाचे, चेतक, कामोव-31 और एमआई-17 वी 5 शामिल होंगे। ट्रांसपोर्ट बेड़े में सी -295, सी -17, सी 130, एई डबलू सी, आई एल-78, ए एन-32 और पी-8I शामिल होंगे। लड़ाकू विमानों के बेड़े में एसयू-30 एमके एल, मिराज-2000, राफेल, एलसीए , मिग-29 और जगुआर विमान शामिल होंगे। इसके अलावा, हार्वर्ड विमान के साथ-साथ 'सूर्यकिरण' और 'सारंग' डिस्प्ले टीमें भी आकर्षण का केंद्र होंगी। इसमें भाग लेने वालों में भारतीय सेना के दो एलसीएच हेलीकॉप्टर, तथा भारतीय नौसेना का एक पी -8I और एक कामोव-31 विमान भी शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद