home page

छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल

 | 
छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल


छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल


छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल


छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल


महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी में चल रहा उपचार

झांसी, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी मंडल के ललितपुर जिले में बुधवार को हुए सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (एनएच-44) पर तालबेहट क्षेत्र के टेकरी के पास हुआ। दुर्घटना के बाद उन्हें तत्काल महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी लाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में किरण सिंह देव को चोटें आई हैं। उन्हें मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी वार्ड में भर्ती किया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक परीक्षण किया। इसके बाद आंतरिक चोट की जांच के लिए उन्हें सीटी स्कैन कराने ले जाया गया। चिकित्सकों को उनके पैर में भी चोट की आशंका है, जिसके चलते एक्स-रे कराने की तैयारी की गई है।

मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम को उनके उपचार में लगाया है। डॉक्टर लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आवश्यक जांचें कराई जा रही हैं। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज में भाजपा नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि हादसा तालबेहट के टेकरी के पास उस समय हुआ, जब उनका काफिला राष्ट्रीय राजमार्ग-44 से गुजर रहा था। हालांकि दुर्घटना के कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

इस संबंध में उनका हाल चाल लेने मेडिकल कॉलेज पहुंचे बबीना विधायक राजीव पारीछा ने बताया कि छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष दो दिवसीय बुंदेलखंड प्रवास पर थे। दतिया व ओरछा दर्शन के बाद वह अपने परिवार समेत वापस ललितपुर की ओर जा रहे थे। इस दौरान उनकी कार तालबेहट के पास ट्रक से टकरा गई। हादसे में वह घायल हो गए। हालांकि उनका परिवार सुरक्षित है। उन्हें कूल्हे में चोट आई है। उपचार चल रहा है।

सीएमओ बोले- खतरे से बाहर

इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉक्टर सचिन माहौर ने बताया कि सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों का एक पैनल उनका उपचार कर रहा है। उन्हें कूल्हे में चोट आना बताया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और वह खतरे से बाहर हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया