home page

त्योहारी सीजन में उत्तर रेलवे चलाएगा अनारक्षित विशेष ट्रेनें

 | 

नई दिल्ली, 05 नवंबर (हि.स.)। त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधाजनक यात्रा के लिए अलीगढ़ और राजघाट नरौरा के बीच अनारक्षित त्योहार विशेष रेलगाड़ियां चलाने का निर्णय लिया है। ये विशेष रेलगाड़ियां 9 नवंबर और 24 नवंबर को दोनों दिशाओं में संचालित की जाएंगी।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने गुरुवार को बताया कि रेलगाड़ी संख्या 04187 अलीगढ़-राजघाट नरौरा अनारक्षित विशेष रेलगाड़ी निर्धारित तिथियों पर अलीगढ़ जंक्शन से सुबह 5:40 बजे प्रस्थान करेगी और सुबह 7:15 बजे राजघाट नरौरा पहुंचेगी।

रेलगाड़ी संख्या 04188 राजघाट नरौरा-अलीगढ़ अनारक्षित विशेष रेलगाड़ी राजघाट नरौरा से सुबह 8:15 बजे प्रस्थान करेगी और सुबह 9:55 बजे अलीगढ़ जंक्शन पहुंचेगी। दोनों रेलगाड़ियां मंजूरगढ़ी, हरदुआगंज, सुनामई हॉल्ट, गोधा हॉल्ट, अतरौली रोड, धर्मपुर हॉल्ट और डिबाई स्टेशनों पर ठहरेंगी। इन विशेष रेलगाड़ियों में सामान्य श्रेणी के डिब्बे होंगे।

रेलवे ने यात्रियों से रेलगाड़ियों की विस्तृत जानकारी और अद्यतन समय-सारणी के लिए राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली की वेबसाइट देखने अथवा 139 पर संपर्क करने की अपील की है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी