केन्द्रीय मंत्री शिवराज ने छत्तीसगढ़ को दिए 3.65 लाख अतिरिक्त आवास, दो लाख परिवारों का कराया गृह प्रवेश
-'धान का कटोरा' ही नहीं, अब फल, फूल व सब्जियों का भी कटोरा बन रहा छत्तीसगढ़
- छत्तीसगढ़ नंबर वन राज्य बनने की ओर अग्रसर है: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान
सक्ती, 11 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत दो लाख परिवारों को गृह प्रवेश कराया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के लिए 3.65 लाख अतिरिक्त आवासों की घोषणा की। चौहान ने सक्ती में कृषि विज्ञान केंद्र स्थापित करने और बस्तर संभाग में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों के लिए आवास सर्वे की समय-सीमा 31 अक्टूबर तक बढ़ाने का भी ऐलान किया।
सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से आवास की चाबियां सौंपीं। चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सक्ती की सांसद कमलेश जांगड़े की मांग पर सक्ती में कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना की जाएगी। इससे क्षेत्र के किसानों को उन्नत तकनीक, फसल विविधीकरण और वैज्ञानिक मार्गदर्शन का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बस्तर संभाग में आवास से वंचित पात्र हितग्राहियों को योजना में शामिल करने के लिए सर्वे की समय-सीमा 31 अक्टूबर तक बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र गरीब पक्के आवास से वंचित नहीं रहेगा।
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन 1600 से अधिक आवास पूर्ण हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों को पक्की छत देने का संकल्प पूरा किया है।
चौहान ने कहा कि पिछली सरकार के समय राज्यांश उपलब्ध नहीं होने के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना प्रभावित हुई थी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख आवासों को मंजूरी दी। केंद्र और राज्य के संयुक्त प्रयासों से पिछले ढाई वर्षों में 11.50 लाख से अधिक आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।
चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब केवल धान का कटोरा नहीं है, बल्कि फल, फूल और सब्जियों का भी प्रमुख उत्पादक राज्य बन रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास कार्यों की गति तेज है और छत्तीसगढ़ जल्द देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।
उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा अलसी के डंठल से तैयार जैकेट तथा कोसा और मल्बरी उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं के हुनर और उद्यमिता की सराहना की।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हुई है। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब विकास की गतिविधियां तेज हो रही हैं। बस्तर में आवास सर्वे की समय-सीमा बढ़ाने का उद्देश्य सभी पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन का उल्लेख करते हुए चौहान ने नागरिकों से 17 सितंबर को शाम सात बजे अपने घरों में दीपक जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन तथा देश की प्रगति की कामना करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों को पक्की छत उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा छत्तीसगढ़ को दी गई सौगातों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
साय ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और बिहान के माध्यम से प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं के खातों में 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है।
समारोह में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत मुख्यमंत्री आवास योजना के एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन का शुभारंभ किया गया। इसके अलावा 'धार अपार' और 'सुघ्घर बाड़ी' अभियान, 270 नवीन इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर तथा इन्क्यूबेशन कार्यक्रम 'अथ उद्यमिता की ओर' का शुभारंभ हुआ। उत्कृष्ट कार्य करने वाली लखपति दीदियों और श्रेष्ठ पंचायतों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपती कीर्तन चंद्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

