home page

मप्र के खजुराहो में आयोजित 25वें काउंट डाउन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे प्रतापराव जाधव

 | 
मप्र के खजुराहो में आयोजित 25वें काउंट डाउन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे प्रतापराव जाधव


भोपाल, 25 मई (हि.स.)। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के आयोजित विशेष कार्यक्रम में केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रतापराव जाधव बुधवार, 27 मई को मध्य प्रदेश के खजुराहो में आयोजित होने वाले 25वें “काउंट डाउन” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। साथ ही उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार सहभागिता करेंगे।

जनसंपर्क अधिकारी राजेश दाहिमा ने सोमवार को बताया कि इस कार्यक्रम में योग, स्वास्थ्य एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने का संदेश दिया जाएगा। यह आयोजन 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अंतर्गत संचालित 100 दिवसीय जन-जागरूकता एवं प्रसार अभियान का महत्वपूर्ण चरण है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी पहल के परिणामस्वरूप संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2014 में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया। वर्ष 2015 में प्रथम आयोजन के बाद से योग आज एक वैश्विक जनआंदोलन के रूप में स्थापित हो चुका है। प्रदेश सरकार भी योग एवं आयुष पद्धतियों के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

खजुराहो जैसे विश्व धरोहर स्थल पर आयोजित यह कार्यक्रम योग की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं स्वास्थ्यवर्धक परंपरा को नई ऊर्जा प्रदान करेगा तथा नागरिकों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत