home page

सीमा सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास के बिना भारत या पश्चिम बंगाल सुरक्षित नहीं : अमित शाह

 | 
सीमा सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास के बिना भारत या पश्चिम बंगाल सुरक्षित नहीं : अमित शाह


सिलीगुड़ी, 21 अगस्त (हि. स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सिलीगुड़ी दौरे के दौरान देश की सीमा सुरक्षा और विशेष रूप से रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा से जुड़ी जो भी आवश्यकताएं सामने आई हैं, उन्हें पूरा करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

अमित शाह ने सिलीगुड़ी में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की कई विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने एसएसबी के जवानों से मुलाकात की और उनसे बातचीत भी की। कार्यक्रम में बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि यह पहला मौका था जब उन्हें एसएसबी के किसी कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। उन्होंने एसएसबी को देश की संप्रभुता और सुरक्षा का अटूट प्रहरी बताया।

कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री ने सीमा सुरक्षा से जुड़े कार्यों के लिए जमीन उपलब्ध कराने में देरी को लेकर पूर्ववर्ती राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार वर्ष 2024 से 1,129 एकड़ जमीन की मांग कर रही थी, लेकिन बार-बार अनुरोध के बावजूद जमीन उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री को आमंत्रित किए जाने के बावजूद उन्होंने कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया।

इसके विपरीत अमित शाह ने वर्तमान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के कार्यकाल में प्रशासनिक स्तर पर सहयोग मिलने का दावा किया। उन्होंने कहा कि अब ऐसी व्यवस्था बनाई गई है, जिसमें प्रशासनिक मंजूरी पहले मिलती है और पत्र बाद में आता है। कार्यक्रम में उन्होंने सिलीगुड़ी में करीब 80 एकड़ जमीन पर नए प्रशासनिक भवन के निर्माण की भी घोषणा की।

गृह मंत्री ने कहा कि देश की सीमा सुरक्षा के साथ बुनियादी ढांचे को मजबूत करना भी केंद्र सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने लाल किले पर आयोजित भव्य वंदे मातरम् समारोह का जिक्र करते हुए कहा कि देश की समग्र सुरक्षा, आधारभूत संरचना और सीमाओं को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार हर आवश्यक कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय के माध्यम से आने वाले दिनों में देश की सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार