मुख्यमंत्री धामी ने ‘जन वन’ कार्यक्रम का किया शुभारंभ
देहरादून, 19 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के नवनिर्मित बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए खोल दिया। इस दौरान उन्होंने वन एवं वन्यजीवों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘जन वन’ कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष आठ लाख से अधिक पर्यटकों ने देहरादून चिड़ियाघर का भ्रमण किया, जो प्रदेश में वन्यजीव एवं प्रकृति आधारित पर्यटन के प्रति बढ़ते आकर्षण का प्रमाण है। सफेद बाघ के आने से चिड़ियाघर की पहचान और मजबूत होगी।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सफेद बाघ के आने से चिड़ियाघर का पर्यटन आकर्षण बढ़ने के साथ ही वन्यजीवों के प्रति लोगों की रुचि और जागरूकता को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तेजस को एक वर्ष के लिए गोद लेने वाली संस्था ‘कस्तुरी’ के सदस्यों को एडॉप्शन प्रमाणपत्र प्रदान किया। वन मंत्री ने बाघ को ग्वालियर से देहरादून लाने वाली टीम और चिड़ियाघर के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल, प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक नीना ग्रेवाल, प्रमुख सचिव वन आरके सुधांशु सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। चिड़ियाघर के निदेशक वैभव कुमार सिंह ने अतिथियों का आभार जताया।
ढाई वर्षीय नर सफेद बाघ तेजस को वन्यजीव आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत 28 सितंबर को मध्य प्रदेश के गांधी प्राणी उद्यान, ग्वालियर से देहरादून लाया गया था। उसे विशेष रेस्क्यू वाहन से सुरक्षित तरीके से चिड़ियाघर पहुंचाया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

