home page

उत्तराखंड में बारिश से नदियां उफान पर, अलकनंदा खतरे के निशान से ऊपर

 | 
उत्तराखंड में बारिश से नदियां उफान पर, अलकनंदा खतरे के निशान से ऊपर


देहरादून, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड में मानसून सक्रिय रहने के बीच मंगलवार सुबह से प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है और कई स्थानों पर तेज बहाव की स्थिति बनी हुई है। इस बीच अलकनंदा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है और कई पर्वतीय मार्गों पर मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ है। मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के 17 स्थानों पर ऑरेंज और नौ स्थानों पर येलो अलर्ट जारी किया है।

केंद्रीय जल आयोग और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की मंगलवार सुबह 10 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार अलकनंदा का जलस्तर 627.98 मीटर दर्ज किया गया, जबकि इसका खतरे का स्तर 627 मीटर और चेतावनी स्तर 626 मीटर है। मंदाकिनी का जलस्तर 624.70 मीटर दर्ज किया गया है।

मौसम विज्ञान विभाग ने पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 17 स्थानों पर ऑरेंज और नौ स्थानों पर येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में भी राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने की आशंका को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र को सतर्क किया गया है।

बारिश के कारण ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-134) सिलाई बैंड, पालीगाड़, दुर्बिल और बनास में यातायात के लिए बाधित है। तवाघाट-गुंजी राष्ट्रीय राजमार्ग के किमी 68 और 81 पर मलबा-पत्थर आने से मार्ग प्रभावित है। धारचूला-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुलागाड़ में मलबा आने से यातायात बंद है।

मुनस्यारी-मिलम सीमा मार्ग के किलोमीटर (किमी) 24 पर भी आवाजाही बाधित है। जोशीमठ-मलारी-नीती राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-107बी) पर तमकनाला में बैली ब्रिज क्षतिग्रस्त होने के कारण यातायात बंद है। संबंधित विभागों की ओर से मार्ग खोलने का कार्य किया जा रहा है।

पिछले 24 घंटे में रुड़की में सर्वाधिक 95 मिलीमीटर (मिमी), देवलथल में 90 मिमी, हरिद्वार में 86 मिमी, धारचूला में 85.8 मिमी और किच्छा में 85 मिमी बारिश दर्ज की गई। डीडीहाट में 70.8 मिमी, थल में 70 मिमी, सोमेश्वर में 62 मिमी, रोशनाबाद में 62 मिमी और उत्तरकाशी में 53 मिमी वर्षा हुई।

मौसम विज्ञान विभाग ने भारी बारिश और अचानक बाढ़ की आशंका के मद्देनजर लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

पिछले 24 घंटे में हरिद्वार के रुड़की में सर्वाधिक 95 मिमी बारिश दर्ज की गई। पिथौरागढ़ के देवलथल में 90 मिमी, हरिद्वार में 86 मिमी, धारचूला में 85.8 मिमी और ऊधमसिंह नगर के किच्छा में 85 मिमी बारिश हुई। डीडीहाट में 70.8 मिमी, थल में 70 मिमी, अल्मोड़ा के सोमेश्वर में 62 मिमी, रोशनाबाद में 62 मिमी और उत्तरकाशी में 53 मिमी वर्षा दर्ज की गई। उत्तरकाशी के मोरी में 42 मिमी, बड़कोट में 26 मिमी, भटवाड़ी में 23 मिमी और पुरोला और चिन्यालीसौड़ में 20-20 मिमी बारिश दर्ज की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय