बिना पहचान पत्र और आधार कार्ड के किसी भी साधु को नहीं मिलेगा कुंभ में प्रवेश : श्रीमहंत रविन्द्र पुरी
हरिद्वार, 18 मार्च (हि.स.)। आगामी कुंभ पर्व में किसी भी साधु को बिना अखाड़े के पहचान पत्र के प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस घोषणा के साथ ही अखाड़ा परिषद ने सभी अखाड़ों को निर्देशित किया है कि वह अपने अखाड़े से जुड़े साधुओं को आधिकारिक पहचान पत्र जारी करें।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने बुधवार को हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि कुंभ में आने वाले प्रत्येक भगवाधारी को अपनी पहचान साबित करनी होगी। उन्होंने कहा कि कुंभ जैसे आस्था से जुड़े विराट आयोजन की पवित्रता बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। ऐसे में फर्जी साधुओं की संख्या अपने आप में चिंता का विषय है। उन्होंने कहा विगत कावड़ मेला हरिद्वार में सैकड़ो की संख्या में साधु वेेेशधारी कालनेमि पकड़े गए। इनमें कई गैर हिंदू और बांग्लादेशी भी थे।अतः इसे रोकने के लिए अखाड़ा परिषद ने सभी अखाड़ों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने साधुओं को आधिकारिक पहचान पत्र जारी करें। उन्होंने कहा अखाड़े के पहचान पत्र के साथ साधु को अपना आधार कार्ड भी साथ में लाना होगा। उन्होंने कहा पुलिस और प्रशासन के सहयोग से मजबूत सत्यापन व्यवस्था तैयार की जाएगी, ताकि कोई फर्जी साधु कुंभ में प्रवेश न कर सके। श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, यह सनातन आस्था और परंपरा का प्रतीक है। ऐसे में कुंभ मेले में फर्जी साधुओं की वजह से न केवल श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होती हैं वरन कुंभ की पवित्रता व आस्था पर भी चोट पहुंचती है। उन्होंने इस निर्णय में संत समाज और सभी अखाड़ों से सहयोग की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

