home page

(अपडेट) उत्तराखंड: गंगा नदी में समाई इनोवा कार, तीन लोगों की मौत, चार की तलाश जारी

 | 
(अपडेट) उत्तराखंड: गंगा नदी में समाई इनोवा कार, तीन लोगों की मौत, चार की तलाश जारी


देवप्रयाग, 02 जून (हि.स.)। उत्तराखंड के देवप्रयाग में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राजमार्ग पर गंगा दर्शन होटल के समीप मंगलवार को एक इनोवा वाहन खाई में गंगा नदी में गिर गया। हादसे में दो पुरुष और एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक 12 वर्षीय बालक को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेस्क्यू टीमें लापता अन्य चार लोगों की तलाश कर रही है।

देवप्रयाग कोतवाल प्रशांत बहुगुणा के मुताबिक मंगलवार सुबह 10 बजे देवप्रयाग से पांच किमी आगे गंगा दर्शन होटल के समीप बद्रीनाथ धाम से लौट रहा ईनोवा वाहन अनियंत्रित होकर दो सौ मीटर नीचे गंगा में नदीं में गिर गया। पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम तत्काल यहां रेस्क्यू में जुट गई। टीम ने ढलान पर गम्भीर रूप से घायल मिले एक बालक को तत्काल सड़क तक लाकर श्रीनगर भेजा। वहीं नदी के निकट से दो पुरुषों और एक महिला का शव बरामद किया गया। चार अन्य लोगों की तलाश जारी है।

देवप्रयाग तहसीलदार वीरम सिंह पंवार ने कार सवार लोगों की जानकारी देते हुए बताया कि कार में राजस्थान के जैसलमेर निवासी हरीश की पत्नी गुड्डी देवी, पुत्र अवलेश, नम्बरदार, आयुष्मान, पुत्री जाह्नवी तथा डॉ दिनेश व उनकी पत्नी कमला और चालक थे। इनमें घायल 12 वर्षीय बालक का नाम आयुष्मान बताया गया है। उत्तराखंड नम्बर की कार के चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उक्त दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहे और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य संबंधित एजेंसियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्यों में लगाया गया। दुर्घटनास्थल पर युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है तथा सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में लापता लोगों की तलाश के लिए सघन खोज अभियान जारी है। अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और राहत और बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय