home page

कपटियाल मोड़ पर बस पलटी, दो लोगों की मौत, पांच-छह यात्री घायल

 | 
कपटियाल मोड़ पर बस पलटी, दो लोगों की मौत, पांच-छह यात्री घायल


टिहरी, 28 अगस्त (हि.स.)। भद्रकाली से आगे कपटियाल मोड़ के पास शुक्रवार देर रात दिल्ली जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस के नीचे दबने से स्कूटी सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार करीब पांच-छह यात्रियों के घायल होने की सूचना है।

पुलिस के अनुसार, बस जानकीसेतु पार्किंग से निकलकर दिल्ली की ओर जा रही थी। बस में करीब 60 यात्री सवार थे। भद्रकाली से आगे कपटियाल मोड़ के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही थाना मुनि की रेती पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस टीम ने सामान्य रूप से घायल यात्रियों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। अधिकांश यात्रियों को हल्की चोटें आने की जानकारी है।

इसी दौरान बस के नीचे स्कूटी सवार दो व्यक्ति दब गए, जिनकी हादसे में मौत हो गई। दोनों शवों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस मृतकों की शिनाख्त कराने में जुटी है।

पुलिस ने मौके पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घायलों और मृतकों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय