home page

प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के विकास पर जताया भरोसा, स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री को भेजा पत्र

 | 
प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के विकास पर जताया भरोसा, स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री को भेजा पत्र


-कहा- 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा, राज्य के समान विकास के प्रयासों की सराहना की

देहरादून, 09 नवंबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और राज्य की विकास यात्रा पर भरोसा जताया। उन्होंने राज्य की विकास यात्रा, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, आधारभूत ढांचे के विस्तार और सीमांत क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सोशल मीडिया में जारी पोस्ट में यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि 9 नवंबर 2000 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से उत्तराखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। राज्य स्थापना की वर्षगांठ प्रदेशवासियों के साहस, स्वाभिमान और प्रगति के संकल्प को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के समय निर्धारित आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में उत्तराखंड लगातार आगे बढ़ रहा है।

मोदी ने कहा कि हिमालय की गोद में बसा उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक वैभव का संगम है। गंगा और यमुना के उद्गम स्थल तथा चारधाम, पंच केदार और पंच प्रयाग की परंपरा इसे देश की आस्था का प्रमुख केंद्र बनाती है। उन्होंने केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश का उल्लेख करते हुए कहा कि इन धार्मिक स्थलों से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी है।

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन के कार्यों के दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में समय बिताया है। केदारनाथ की गुफा में साधना, आदि कैलाश की यात्रा और प्रदेशवासियों का स्नेह उनकी स्मृतियों में आज भी जीवंत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की क्षमता है और राज्य सरकार इस दिशा में प्रयास कर रही है।

कनेक्टिविटी परियोजनाओं का उल्लेख

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में उत्तराखंड में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार हुआ है। करीब 890 किलोमीटर लंबी चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं। वहीं, 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का काम भी आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को पर्यटन, व्यापार और उद्योग के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय कम होगा। उन्होंने देहरादून हवाई अड्डे के विस्तार, पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के संचालन तथा बनबसा में नए हेलीपैड की स्वीकृति सहित हवाई संपर्क सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया।

मोदी ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे विकास कार्यों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में धार्मिक स्थलों की दिव्यता और भव्यता के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी गई है। सीमांत गांवों के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ये गांव देश की सुरक्षा और सामर्थ्य के प्रतीक हैं। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत माणा, जादुंग, टिम्मरसैंण, नीति और गुंजी जैसे गांवों में बुनियादी सुविधाओं, पर्यटन, हस्तशिल्प और स्थानीय संस्कृति को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

प्रधानमंत्री ने पर्यटन को राज्य की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए होमस्टे, शीतकालीन पर्यटन, साहसिक पर्यटन, वेडिंग टूरिज्म और सालभर पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के लिए केंद्र सरकार की ओर से 500 करोड़ रुपये की सहायता का भी उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत 98 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचने को उपलब्धि बताया। उन्होंने हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रपुर और अल्मोड़ा में मेडिकल कॉलेजों तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख किया। शिक्षा के क्षेत्र में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के देवप्रयाग परिसर, केंद्रीय विद्यालयों और पीएम श्री विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। प्रदेश के पूर्ण साक्षरता का लक्ष्य हासिल करने को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

उन्होंने उज्ज्वला, स्वच्छ भारत, प्रधानमंत्री आवास और लखपति दीदी जैसी योजनाओं को ग्रामीण महिलाओं के जीवन में बदलाव का माध्यम बताया। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से मिल रही सहायता का भी उल्लेख किया। ऊर्जा और जल परियोजनाओं के संदर्भ में उन्होंने टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट, लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना, जमरानी बांध और सॉन्ग बांध पेयजल योजना का जिक्र किया।

सुशासन और सांस्कृतिक विरासत की सराहना-

मोदी ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू किए जाने को देश के लिए उदाहरण बताया। उन्होंने नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून और भू-कानून में पारदर्शिता से जुड़े कदमों की सराहना की। राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन और प्रदेश के खिलाड़ियों की राष्ट्रीय स्तर पर 100 से अधिक पदक जीतने की उपलब्धि का भी उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने लोकगीतों, पारंपरिक त्योहारों, मेलों, नृत्यों और खानपान को उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान बताते हुए नंदा देवी मेला, उत्तरायणी मेला, इगास-बग्वाल, छोलिया नृत्य, फूलदेई, मंडुवे की रोटी, झंगोरे की खीर, बाल मिठाई और सिंगौड़ी का उल्लेख किया।

उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बनाने का संकल्प साकार हो रहा है। विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत के लक्ष्य के साथ प्रदेश आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री के संदेश पर आभार जताते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के प्रति उनका विशेष लगाव केवल आत्मीयता के शब्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके विचारों, संकल्पों और निरंतर प्रयासों में भी दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पत्र में उत्तराखंड की आध्यात्मिक चेतना, हिमालय की दिव्यता, लोकसंस्कृति, सीमांत क्षेत्रों की सामर्थ्य, मातृशक्ति के स्वावलंबन, युवाओं की आकांक्षाओं और किसानों के परिश्रम का उल्लेख प्रदेश के प्रति उनके गहरे भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य सड़क, रेल और हवाई संपर्क, धार्मिक पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण तथा सुशासन के क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्नेह और विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय