home page

मंत्री रेखा आर्य ने पति के खिलाफ मारपीट, धोखाधड़ी और हत्या की साजिश का मामला कराया दर्ज

 | 
मंत्री रेखा आर्य ने पति के खिलाफ मारपीट, धोखाधड़ी और हत्या की साजिश का मामला कराया दर्ज


-मंत्री रेखा आर्य की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

देहरादून, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ मारपीट, धोखाधड़ी, जालसाजी, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और हत्या की साजिश रचने के आरोप में देहरादून के कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुलिस के अनुसार, रेखा आर्य की शिकायत पर गुरुवार, 15 अक्टूबर को दर्ज प्राथमिकी में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर के स्तर से शुरू की गई है।

प्राथमिकी में रेखा आर्य ने आरोप लगाया है कि उनका विवाह गिरधारी लाल साहू के साथ छह जुलाई 2004 को हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि साहू ने विवाह के समय स्वयं को अविवाहित बताया था, जबकि बाद में उन्हें पता चला कि वह पहले से विवाहित थे और उनके बच्चे भी हैं।

शिकायत के अनुसार, पति के अन्य महिलाओं से संबंध होने का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौच की गई तथा जान से मारने की धमकियां दी गईं। रेखा आर्य ने यह भी आरोप लगाया कि उनके सरकारी आवास पर कर्मचारियों के सामने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उन्हें अपमानित किया गया।

मंत्री ने प्राथमिकी में आरोप लगाया कि उनके कथित तौर पर कूटरचित हस्ताक्षरों और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर संबंधित कंपनियों में उन्हें निदेशक पद से हटाया हुआ दर्शाया गया,जबकि उन्होंने न तो कोई त्यागपत्र दिया और न ही ऐसे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि हाल में उन्हें एक ऑडियो मिला,जिसमें कथित तौर पर साहू एक महिला से बातचीत के दौरान उनकी हत्या की साजिश रचते सुनाई दे रहे हैं। उन्होंने अपनी और अपने नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर खतरा जताया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में आरोपित का पक्ष तत्काल उपलब्ध नहीं हो सका।मंत्री रेखा आर्य की पारिवारिक कारणों से तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

-------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय