केदारताल हिमस्खलन : दो और शव बरामद, अब तक छह की मौत, दो लापता
उत्तरकाशी, 05 नवंबर (हि.स.)। उत्तरकाशी जिले के केदारताल ट्रेक पर भारी बर्फबारी और हिमस्खलन (एवलांच) की चपेट में आकर लापता हुए आठ सदस्यीय दल के छह लोगों के शव बरामद हो चुके हैं। गुरुवार को चलाए गए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में दो और पुरुषों के शव मिले हैं। दोनों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। दुर्गम क्षेत्र और प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते शवों को शुक्रवार को हेलीकॉप्टर की मदद से मातली हेलीपैड लाया जाएगा। इसके बाद पहचान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हादसे में अब भी दो लोग लापता हैं, जिनकी तलाश में शुक्रवार को भी अभियान जारी रहेगा।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने बताया कि एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की संयुक्त टीम ने गुरुवार को हिमस्खलन प्रभावित क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बर्फ में दबे दो पुरुषों के शव बरामद किए गए। दोनों शवों की पहचान के लिए आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए शवों को शुक्रवार को हेलीकॉप्टर से मातली लाने की योजना है।
वहीं, बुधवार को सुबह करीब 7:30 बजे संयुक्त टीम को संभावित लापता लोकेशन पर तलाशी के दौरान दो अन्य शव मिले थे। गुरुवार को परिजनों के पहुंचने के बाद इनकी पहचान रिंटू मंडल (40) पुत्र सुनील चंद्र मंडल और उदय घोष (30) पुत्र दिनेश घोष, निवासी सालबनी, जिला बांकुरा, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। दोनों के शव मोर्चरी में रखे गए थे। पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को इसकी जानकारी दी गई।
उल्लेखनीय है कि बीते 27 अक्टूबर को गंगोत्री से सात ट्रेकर्स और पांच सहयोगी कर्मचारियों समेत कुल 12 सदस्यीय दल केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। दल में शामिल सदस्य ट्रेकिंग के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में भारी बर्फबारी और हिमस्खलन की चपेट में आ गए। इसके बाद आठ सदस्य लापता हो गए थे। इनमें सात ट्रेकर्स और एक गाइड शामिल थे। घटना की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने एसडीआरएफ, निम और वन विभाग की टीमों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया था।
रेस्क्यू अभियान के शुरुआती चरण में शनिवार दोपहर तक तीन पोर्टर और एक कुक सहित चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। इसके बाद से लापता आठ लोगों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अत्यधिक बर्फबारी, हिमस्खलन के खतरे और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के कारण बचाव दलों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार को दो शव मिलने के बाद गुरुवार को दो और शव बरामद होने से इस हादसे में मृतकों की संख्या छह हो गई है। अब तक बरामद छह शवों में दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। इनमें से चार शवों की पहचान हो चुकी है, जबकि गुरुवार को मिले दोनों पुरुषों के शवों की पहचान होना बाकी है।
प्रशासन के अनुसार, हादसे में लापता शेष दो लोगों की तलाश के लिए शुक्रवार को भी एसडीआरएफ और निम की संयुक्त टीमें अभियान चलाएंगी। मौसम अनुकूल रहने पर हेलीकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा। जिला प्रशासन और बचाव दलों की प्राथमिकता शेष लापता लोगों का पता लगाने के साथ ही बरामद शवों को सुरक्षित नीचे लाना है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

