home page

केदारनाथ हेली शटल सेवा की ऑनलाइन बुकिंग पूर्ण, 31 हजार से अधिक सीटें भरीं

 | 
केदारनाथ हेली शटल सेवा की ऑनलाइन बुकिंग पूर्ण, 31 हजार से अधिक सीटें भरीं


देहरादून, 24 अप्रैल (हि.स.)। केदारनाथ धाम के लिए संचालित हेली शटल सेवा की ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण हो गई है। निर्धारित अवधि के लिए उपलब्ध 31 हजार से अधिक सीटों की बुकिंग समय रहते पूरी कर ली गई।

राज्य सरकार की ओर जानकारी के अनुसार 15 अप्रैल 2026 को सायं 6 बजे हेली सेवा के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू की गई थी, जो 22 अप्रैल से 15 जून 2026 की अवधि के लिए थी। इस दौरान कुल 31,450 सीटों की बुकिंग खोली गई, जिन्हें 10,855 टिकटों के माध्यम से पूरी तरह भर लिया गया।

बुकिंग प्रक्रिया के दौरान पहला टिकट सायं 6:02 बजे और अंतिम टिकट 7:28 बजे बुक किया गया। सायं 6:10 बजे से 6:32 बजे के बीच सर्वाधिक बुकिंग दर्ज की गई, जिससे इस अवधि में उच्च मांग का संकेत मिला।

उत्तराखंड पर्यटन विभाग की ओर से बुकिंग की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कॉल सेंटर के माध्यम से 565 रैंडम सत्यापन कॉल की गईं। जांच में पाया गया कि कुल 10,859 मोबाइल नंबरों में से 4,400 नंबर वास्तविक यात्रियों से मेल खाते हैं। लगभग 51 प्रतिशत बुकिंग यात्रियों ने स्वयं की, जबकि शेष 49 प्रतिशत बुकिंग अन्य माध्यमों से संपन्न हुई।

राज्यवार आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र से सर्वाधिक 1,708 बुकिंग दर्ज की गईं। इसके बाद उत्तर प्रदेश (1,243), दिल्ली (867), तेलंगाना (864), कर्नाटक (801) और गुजरात (700) का स्थान रहा।

बुकिंग प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रति यूज़र अधिकतम 2 बुकिंग और अधिकतम 12 सीटों की सीमा निर्धारित की गई थी। एक आईपी से अधिकतम 5 यूज़र आईडी के माध्यम से बुकिंग की अनुमति दी गई, जबकि एक बुकिंग में अधिकतम 6 यात्रियों को शामिल किया जा सकता था। वर्तमान में 510 बुकिंग आईडी के अंतर्गत कुल 913 सीटों के लिए कैंसलेशन दर्ज किया गया है।

राज्य सरकार के अनुसार पूरी बुकिंग प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित किया गया, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय