मुख्यमंत्री योगी की मां के निधन पर जूना अखाड़े ने स्थगित किए सभी धार्मिक अनुष्ठान
हरिद्वार, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े ने तीन दिन तक देशभर के अपने सभी प्रमुख मठों, मंदिरों और आश्रमों में होने वाले धार्मिक अनुष्ठान व अन्य कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।
अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज के निर्देश पर इन तीन दिनों में सावित्री देवी की आत्मा की शांति के लिए शांति पाठ, विशेष पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया जाएगा।
इसी क्रम में शनिवार को हरिद्वार की अधिष्ठात्री देवी मां माया देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। वरिष्ठ सभापति श्रीमहंत प्रेम गिरि, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमहंत महेश पुरी, सचिव श्रीमहंत कंचन गिरि, महासचिव श्रीमहंत शैलेंद्र गिरि सहित नागा संन्यासियों ने आनंद भैरव घाट पर मां गंगा की पूजा-अर्चना कर सावित्री देवी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने बताया कि वाराणसी, मुरादाबाद, उज्जैन, नासिक, जूनागढ़, पिथौरागढ़, बरेली, बिहार सहित सभी आश्रमों में श्रद्धांजलि सभाएं होंगी।
उन्होंने बताया कि कुंभ 2027 के शुभारंभ के लिए 21 नवंबर को होने वाला रमता पंचों का नगर प्रवेश कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया गया है। अब रमता पंच 24 नवंबर को नगर प्रवेश करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

