home page

केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं शुरू, आठ हेलीपैड से उड़ान संचालन

 | 
केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं शुरू, आठ हेलीपैड से उड़ान संचालन


केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं शुरू, आठ हेलीपैड से उड़ान संचालन


रुद्रप्रयाग, 15 सितंबर (हि.स.)। श्री केदारनाथ धाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए मंगलवार से हेली सेवाओं का संचालन पुनः शुरू कर दिया गया। जनपद में निर्धारित आठ हेलीपैड से निजी हेली सेवा प्रदाता कंपनियों की ओर से हेली सेवाएं संचालित की जा रही हैं।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि जिला प्रशासन ने हेली सेवा प्रदाता कंपनियों को यात्रियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने और सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि केदारनाथ धाम आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि हेली सेवा शुरू होने से विशेष रूप से बुजुर्ग, दिव्यांग और पैदल यात्रा करने में असमर्थ श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। इसके अलावा कम समय में बाबा केदार के दर्शन करने के इच्छुक यात्री भी हेली सेवा का लाभ उठा सकेंगे।

हेली सेवाओं के संचालन से पहले नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की टीमों ने संबंधित हेलीपैड और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद निर्धारित मानकों और सुरक्षा व्यवस्थाओं के अनुरूप उड़ान संचालन की अनुमति प्रदान की गई।

जिला प्रशासन के अनुसार हेली सेवाओं के संचालन में डीजीसीए की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। उड़ान संचालन के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

प्रशासन की ओर से हेली सेवाओं के संचालन की लगातार निगरानी की जाएगी। मौसम, दृश्यता, हवा की गति समेत उड़ान के लिए आवश्यक अन्य परिस्थितियों पर नियमित नजर रखी जाएगी। मौसम और सुरक्षा की दृष्टि से परिस्थितियां अनुकूल होने पर ही उड़ानों का संचालन किया जाएगा। प्रतिकूल मौसम अथवा किसी अन्य जोखिम की स्थिति में सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय