धामी सरकार के चार साल पर हल्द्वानी में 21 मार्च को जनसभा, रक्षा मंत्री होंगे शामिल
-सीएम धामी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं के दिए निर्देश
हल्द्वानी, 20 मार्च (हि.स.)। धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नैनीताल जनपद के एमबी इंटर कॉलेज, हल्द्वानी में 21 मार्च को जनसभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों काे लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को हल्द्वानी सर्किट हाउस पहुंचें। काठगोदाम में अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने एमबी इंटर कॉलेज मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जनसभा में आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल, साफ-सफाई और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने पर जोर दिया,ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पूर्व से ही रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर उसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए, जिससे स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले आगंतुकों को आवागमन में परेशानी न हो। बैठक में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट, विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत, लालकुआं से मोहन सिंह बिष्ट, नैनीताल से सरिता आर्या, रामनगर से दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर (डब्बू), शंकर कोरंगा, शांति मेहरा, दिनेश आर्य, दीपक मेहरा सहित आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

