देवभूमि में सांस्कृतिक चेतना का संगम, ‘नवोत्थान’ और ‘युगवार्ता’ ने रखा नए भारत का दृष्टिकोण
- उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक-वैचारिक चेतना और उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत को एक सूत्र में पिरोया- केदारनाथ-बद्रीनाथ में 'युगवार्ता- 'नवोत्थान' पत्रिका का विमोचन, 'उत्तर प्रदेश तीर्थाटन-पर्यटन' पुस्तक भी लोकार्पित- जनप्रतिनिधि व धर्माचार्यों ने प्रकाशनों की विषयवस्तु व आकर्षक कलेवर को सराहा, यूपी-उत्तराखंड की एकात्मता को मिला स्वर
केदारनाथ/बदरीनाथ, 10 नवम्बर (हि.स.)। देवभूमि उत्तराखंड के दो प्रमुख धाम केदारनाथ और बदरीनाथ में दीपोत्सव एवं भैयादूज के पावन अवसर पर भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना, राष्ट्रीय विचार और सांस्कृतिक एकात्मता का संदेश सामने आया। बहुभाषी समाचार एजेंसी हिन्दुस्थान समाचार की पत्रिकाओं ‘नवोत्थान’ और ‘युगवार्ता’ के विशेषांकों के विमोचन के साथ ‘उत्तर प्रदेश तीर्थाटन-पर्यटन’ पुस्तक का लोकार्पण किया गया। इन आयोजनों के माध्यम से उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक-वैचारिक परंपरा और उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत को एक साझा मंच मिला।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के रिश्ते की यह आत्मीय तस्वीर केदारनाथ धाम में हिन्दुस्थान समाचार के तीन प्रकाशनों के विमोचन के दौरान साकार हुई। 'बहुभाषी' न्यूज एजेंसी हिन्दुस्थान समाचार की ‘नवोत्थान’ के संस्कृति के साथ स्वावलंबन विशेषांक और ‘युगवार्ता’ के ‘योगी राज में अगुवा प्रदेश’ विशेषांक का विमोचन हुआ। साथ ही ‘उत्तर प्रदेश तीर्थाटन-पर्यटन’ पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया।
देवभूमि केदारनाथ में पत्रिकाओं का विमोचन उत्तर भारत की सांस्कृतिक एकात्मता, आध्यात्मिक विरासत, भाषाई अस्मिता और विकास के बदलते विमर्श को एक मंच पर लाने का अवसर बना। एक ओर उत्तर प्रदेश की काशी, अयोध्या, मथुरा, प्रयागराज, नैमिषारण्य और विंध्याचल जैसी तीर्थ परंपराएं हैं तो दूसरी ओर उत्तराखंड के केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे हिमालयी धाम। गंगा की अविरल धारा से लेकर हिमालय की तपोभूमि तक दोनों प्रदेश भारतीय सभ्यता की उस निरंतरता के प्रतीक हैं, जो भौगोलिक सीमाओं से कहीं अधिक व्यापक है।
इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि सकारात्मक पत्रकारिता समाज को दिशा देने और जनजागरण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन प्रकाशनों के माध्यम से राष्ट्र, संस्कृति, समाज और जनहित से जुड़े विषयों को प्रभावी मंच मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार के मुख्य समन्वयक और क्षेत्रीय संपादक डॉ. राजेश तिवारी ने कहा कि भाषा के माध्यम से समाज की स्मृतियां, परंपराएं, संघर्ष और उपलब्धियां अगली पीढ़ी तक पहुंचती हैं। भारतीय भाषाओं की पत्रकारिता को मजबूत करना देश की सांस्कृतिक विविधता और वैचारिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करना है।
केदारनाथ विमोचन समारोह में उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद के राबर्ट्सगंज के विधायक भूपेश चौबे, बाबा केदारनाथ के पुजारी अरुण नौटियाल, भैरवनाथ के पुजारी अरविन्द शुक्ल, हिन्दुस्थान समाचार के मुख्य समन्वयक एवं उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड के क्षेत्रीय संपादक डॉ. राजेश तिवारी, उत्तराखंड ब्यूरो प्रमुख राजेश पांडेय और पत्रकार जितेंद्र पांडेय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने तीनों प्रकाशनों के आकर्षक कलेवर, सुरुचिपूर्ण सज्जा और गुणवत्तापूर्ण सामग्री की सराहना की।
‘युगवार्ता’ में योगी राज में अगुवा प्रदेश की तस्वीर उभरी
‘युगवार्ता’ का ‘योगी राज में अगुवा प्रदेश’ विशेषांक उत्तर प्रदेश में नेतृत्व, विकास, सुशासन और बदलती पहचान के विमर्श को सामने रखता है। आबादी, सांस्कृतिक विस्तार और ऐतिहासिक विरासत की दृष्टि से महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश आज राष्ट्रीय राजनीति, अर्थव्यवस्था, धार्मिक पर्यटन और आधारभूत ढांचे की चर्चा के केंद्र में है। विशेषांक इसी बदलते प्रदेश की यात्रा को वैचारिक दृष्टि से प्रस्तुत करता है। उत्तर प्रदेश की प्रगति का यह विमर्श उत्तराखंड की पावन धरा पर सामने आना दोनों प्रदेशों के बीच संवाद और आत्मीयता को भी रेखांकित करता है।
सांस्कृतिक एकता का जीवंत स्वरूप
‘उत्तर प्रदेश तीर्थाटन-पर्यटन’ पुस्तक को प्रदेश की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को व्यापक पहचान दिलाने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया गया। काशी से केदारनाथ तक, अयोध्या से बदरीनाथ तक और विंध्याचल से हिमालय की चोटियों तक फैली आस्था की परंपरा भारत की सांस्कृतिक एकता का जीवंत स्वरूप है।
बद्रीनाथ में मुख्यमंत्री योगी के कुलपुरोहित ने किया पत्रिका का विमोचन
वहीं, बदरीनाथ धाम में भैयादूज के अवसर पर विधायक भूपेश चौबे,उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुलपुरोहित एवं जोशीमठ के प्रख्यात संत कमलेश कुकरेती,डॉ. राजेश तिवारी ने ‘नवोत्थान’ और ‘युगवार्ता’ पत्रिकाओं का विमोचन किया।
इस अवसर पर संत कमलेश कुकरेती ने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण में साहित्य एवं पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। 'नवोत्थान’ का विशेषांक भारतीय समाज की सांस्कृतिक जड़ों, परंपराओं, ज्ञान, कौशल और स्थानीय संसाधनों के प्रति विश्वास को मजबूत करने के विचार पर केंद्रित है। इसमें विकास को केवल आर्थिक विस्तार तक सीमित न मानते हुए सांस्कृतिक आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण से जोड़कर प्रस्तुत किया गया है।
उत्तराखंड का गठन उत्तर प्रदेश से अलग होकर हुआ, लेकिन इससे दोनों के सांस्कृतिक, सामाजिक और भावनात्मक संबंधों में कोई दूरी नहीं आई। उत्तर प्रदेश ने उत्तराखंड को अलग पहचान के साथ आगे बढ़ते देखा तो उत्तराखंड ने भी अपनी जड़ों से जुड़े रहने की परंपरा को कायम रखा। दोनों प्रदेशों की धार्मिक परंपराएं, लोकसंस्कृति, भाषाई विविधता, तीर्थ और जनजीवन एक-दूसरे से गहरे जुड़े हैं। श्रीकेदारनाथ की वादियों में उत्तर प्रदेश की तीर्थ विरासत और विकास यात्रा को केंद्र में रखकर हुए प्रकाशनों का विमोचन इसी आत्मीय संबंध का प्रतीक बना।
भारतीय भाषाएं ही राष्ट्रीय चेतना की असली संवाहक
हिन्दुस्थान समाचार देश की पहली बहुभाषी न्यूज एजेंसी के रूप में भारतीय भाषाओं में समाचार और विचारों के प्रसार की परंपरा को आगे बढ़ा रही है। ‘नवोत्थान’ और ‘युगवार्ता’ पत्रिका भी भारतीय भाषाओं में राष्ट्रीय विमर्श को विस्तार देने का माध्यम है।
‘नवोत्थान’ का विशेषांक संस्कृति के साथ स्वावलंबन के व्यापक विचार को केंद्र में रखता है। इसका वैचारिक आधार भारतीय समाज की अपनी जड़ों, परंपराओं, ज्ञान, कौशल और संसाधनों के प्रति विश्वास को मजबूत करना है। विकास का अर्थ केवल आर्थिक विस्तार नहीं, बल्कि सांस्कृतिक आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण भी है। भारतीय भाषाओं में ऐसे विमर्श का प्रकाशन देश की विविध सांस्कृतिक चेतना को राष्ट्रीय संवाद से जोड़ता है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

