उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से की भेंट, कुंभ के लिए 408.82 करोड़ की परियोजनाओं की स्वीकृति का किया अनुरोध
नई दिल्ली, 23 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से शिष्टाचार भेंट की। इस दाैरान उन्हाेंने कुंभ-2027 के लिए 408.82 करोड़ की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति का देने का अनुरोध भी किया।
मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री पाटिल से वर्ष 2027 में हरिद्वार में होने वाले महाकुंभ की तैयारियों और नमामि गंगे से संबंधित परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्हाेंने सुव्यवस्थित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से सतत आयोजन सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) के अंतर्गत 408.82 करोड़ की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध भी किया। उन्होंने कहा कि जनवरी से अप्रैल 2027 के बीच आयोजित होने वाले इस महाआयोजन में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है। ऐसे में गंगा की निर्मलता, स्वच्छता और अविरल प्रवाह बनाए रखना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने वार्ता के दाैरान बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए 253 करोड़ के प्रस्तावों की स्वीकृति और जल जीवन मिशन
के अंतर्गत अतिरिक्त धनराशि जारी करने का भी आग्रह किया। इसके अतिरिक्त इकबालपुर नहर प्रणाली, कनखल एवं जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर 665 क्यूसेक अतिरिक्त जल उपलब्ध होगा, जिससे हरिद्वार जिले के भगवानपुर और लक्सर क्षेत्र को लाभ मिलेगा। लगभग 13 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने का अनुमान है। साथ ही क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान में भी सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से हरिद्वार महाकुंभ- 2027 को दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने की तैयारियां की जा रही हैं। साथ ही गंगा संरक्षण के प्रयासों को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

